चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सीएम योगी आदित्य नाथ की जनसभा आज

जागरण संवाददाता, मनियर (बलिया) : लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में 17 मई शुक्रवार को चुनाव प्रचार का अं

By JagranEdited By: Publish:Thu, 16 May 2019 06:42 PM (IST) Updated:Thu, 16 May 2019 06:42 PM (IST)
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सीएम योगी आदित्य नाथ की जनसभा आज
चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सीएम योगी आदित्य नाथ की जनसभा आज

जागरण संवाददाता, मनियर (बलिया) : लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में 17 मई शुक्रवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन होगा। इस दिन बागी धरती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।

सलेमपुर लोकसभा के बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत मनियर कस्बा स्थित इंटर कॉलेज मैदान में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में होने वाली जनसभा की तैयारियां गुरुवार देर शाम अंतिम चरण में पहुंच गई थी। मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी को लेकर कार्यकर्ता दिन-रात एक किए हैं। प्रशासन भी मुस्तैदी से लगा हुआ है। गुरुवार की सुबह से ही इंटर कॉलेज के मैदान में सीएम को हेलीकॉप्टर लैंड कराने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट एसडी कनौजिया के सामने तैयारियां चल रही थीं।

प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 17 मई को मनियर इंटर कॉलेज के मैदान में भाजपा की चुनावी सभा 11 बजे दिन में शुरू होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ का हेलीकाप्टर इण्टर कालेज के मैदान के पूर्वी छोर पर बने हेलीपैड पर लैंड करेगा। सभा में एक घंटे शिरकत के बाद 12:10 पर सीएम प्रस्थान करेंगे। हेलीकाप्टर से उतरने के बाद सीएम सभास्थल के पास से सीधे मंच पर जाएंगे व अपने प्रत्याशी के पक्ष में मत देने के लिए जनता से अपील करेंगे।

इंटर कॉलेज के मैदान में 70 बाई 70 का सभास्थल बाक्स बनाया गया है। मंच के बाएं दक्षिण व पश्चिम तरफ स्टेटिक सेफ हाऊस अस्पताल बनाया गया है। सभा को सकुशल संपन्न कराने के लिए तीन बैरियर पहला थाने के पास दूसरा सरवारककरघटी गांव व तीसरा राजाराम सिंह मार्केट के पास बनाए गए हैं। वीआइपी गाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बसों के लिए खेजुरी मोड़ व मनियर बस स्टैंड के पास तथा चुनावी सभा चलने तक बडी व हैवी वाहनों के लिए सिकन्दरपुर, बांसडीह व बेरुआरबारी से रूट डायवर्ट कर दिया गया है।

इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सलेमपुर व बलिया लोस सीट के प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह मस्त ने लालगंज बाजार में आयोजित सभा में विश्वास जताया कि भाजपा केंद्र में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने में सफल होगी। सभा को विधायक सुरेंद्र सिंह के अलावा मुखदेव पाठक, कन्हैया सिंह, किशुन यादव, मनोज तिवारी, धर्मवीर उपाध्याय, दिवाकर तिवारी, ललन पांडेय, मंटू बिद ने संबोधित किया। अध्यक्षता सुधाकर दुबे व संचालन अमिताभ उपाध्याय ने किया।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी