अनियमितता के विरोध में दिया धरना

बलिया : उप्र राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के तत्वावधान में बुधवार को कार्यकर्ताओं ने विभाग में व्याप्

By Edited By: Publish:Wed, 28 Jan 2015 07:14 PM (IST) Updated:Wed, 28 Jan 2015 07:14 PM (IST)
अनियमितता के विरोध में दिया धरना

बलिया : उप्र राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के तत्वावधान में बुधवार को कार्यकर्ताओं ने विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार व उत्पीड़न के विरुद्ध कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। इस दौरान उन्होंने 12 सूत्रीय ज्ञापन डीएम को भी दिया।

अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष उषा सिंह ने कहा कि बाल विकास परियोजना विभाग में भ्रष्टाचार की जड़ें काफी मजबूती से पैठ कर गई हैं। विभाग में अवैध वसूली के नाम पर कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न व शोषण किया जा रहा है। जिले के सभी परियोजनाओं में हाट कुक्ड योजना के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर एनजीओ के माध्यम से दिए जा रहे भोजन मानक व गुणवत्ता विहीन हैं लेकिन फिर भी इस ओर किसी की नजर नहीं जा रही है।

प्रदेश के अधिसंख्य जनपदों में हाट कुक्ड कार्यकर्ताओं व मातृ समिति के खाते से संचालित हो रही है लेकिन यहां ठेका व्यवस्था ही है। जिन ब्लाकों पर बाल विकास परियोजना अधिकारी का पद रिक्त है वहां शासनादेश के अनुसार वरिष्ठ मुख्य सेविकाओं को प्रभारी बनाने में हीलाहवाली की जा रही है। राज्य कर्मचारी महासंघ के बलवंत सिंह ने कहा कि संबंधित मांगों को यदि जल्द पूरा नहीं किया गया तो कार्यकर्ताओं के लिए हर संभव संघर्ष किया जाएगा।

धरना में विकास भवन संघ के अविनाश उपाध्याय, अजय सिंह, अजय चौबे, दिग्विजय सिंह, प्रेमसुख लाल, हीरालाल चौरसिया आदि मौजूद थे। संचालन मंडल महामंत्री मोहन सिंह ने किया।

chat bot
आपका साथी