मामूली वृद्धि के बाद गंगा घटाव पर व घाघरा स्थिर

By Edited By: Publish:Mon, 28 Jul 2014 06:53 PM (IST) Updated:Mon, 28 Jul 2014 06:53 PM (IST)
मामूली वृद्धि के बाद गंगा घटाव पर व घाघरा स्थिर

बलिया : सावन के तीसरे सोमवार को दोनों नदियों गंगा व घाघरा का रुख घटाव व स्थिरता का रहा। सुबह तक स्थिर रही गंगा का रुख भी दोपहर दो बजे के बाद घटाव का हो गया जबकि घाघरा धीमी गति से बढ़ाव के बाद स्थिर रही। कटान का वेग भी कम रहा।

मझौवां प्रतिनिधि के अनुसार सोमवार के दिन स्थिर बनी गंगा का जलस्तर अपराहन दो बजे से घटाव की स्थिति में दर्ज किया गया। गंगा 1/2 सेमी के रफ्तार से प्रति घंटा घटाव पर है। गंगा का जलस्तर अपराहन दो बजे 52.05 मीटर दर्ज किया गया। मझौवां-पचरुखियां कटान निरोधक स्थल पर स्थिति भी सामान्य बनी हुई है। वैसे गंगा के जलस्तर में एक सप्ताह से हो रहे उतार चढ़ाव को तटवर्ती अनुभवी लोग बाढ़ आने का संकेत मानकर चिंतित है। वहीं क्षतिग्रस्त स्परों की मरम्मत नहीं होने से बाढ़ व कटान के समय खतरें की आशंका से जन मानस चिंतातुर हो गए है।

सिकंदरपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में घाघरा नदी के जलस्तर में धीमी गति से वृद्धि के बाद पुन: पानी स्थिर हो गया है। इसी के साथ छिटपुट स्थानों को छोड़ अधिकांश जगहों पर कटान थम भी गया है। जहां कटान है भी वहां उसका वेग न्यूनतम है। पिछले 24 घंटे में विभिन्न दियारों में मात्र 20 डिस्मिल जमीन ही कटान की भेंट चढ़ पायी है। नदी के स्थिर हो जाने के बारे में दियारा के किसानों ने बताया कि यह जलस्तर में वृद्धि का सूचक है। यदि नदी का पानी चिकनाएगा तो जलस्तर निश्चित रूप से बढ़ेगा अन्यथा वह कम भी हो सकता है। बनखंडीनाथ मठ डूंहा के आसपास तथा दियारा खरीद में हो रहा कटान थम गया है। जबकि कठौड़ा स्थित जंगली बाबा की कुटी, दियारा कठौड़ा तथा दियारा सीसोटार में हल्का कटान बदस्तूर जारी है।

उधर नदी में दक्षिण तरफ खरीद, सीसोटार, बसारिकपुर तथा गोसाइपुर गांवों के सामने उस के पुराने छाड़नों में पानी भर जाने से दियारा के किसानों और पशुपालकों को काफी कठिनाई हो रही है।

डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

मझौवां (बलिया) : जिलाधिकारी यशवंत राव ने बाढ़-कटान क्षेत्र के रविवार की देर शाम स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़/ खंड के अधिकारियों से तत्काल कार्य पूर्ण करने व बचाव कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई कि चेतावनी दी। उन्होंने क्षति ग्रस्त स्परों की तत्काल मरम्मत कराने का भी निर्देश अवर अभियंता योंगेंद्र यादव को दिया।

उन्होंने निरोधक स्थल पर 24 घंटे लेखपाल, बाढ़ खंड, पुलिस की डयूटी लगाने का भी निर्देश दिया। उनके साथ एसडएम बैरिया शीतला प्रसाद, एसडीएम सदर बच्चा लाल मौर्य आदि लोग उपस्थित थे। मझौवां-पचरूखियां कटान निरोधक स्थल के निरीक्षण के बाढ़ बलिया की तरफ प्रस्थान कर गए।

chat bot
आपका साथी