पहाड़ों पर बारिश से बढ़ा बाढ़ का खतरा

घाघरा नदी के तटवर्ती गांव के निवासियों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बेचैनी

By JagranEdited By: Publish:Sat, 14 Aug 2021 10:23 PM (IST) Updated:Sat, 14 Aug 2021 10:23 PM (IST)
पहाड़ों पर बारिश से बढ़ा बाढ़ का खतरा
पहाड़ों पर बारिश से बढ़ा बाढ़ का खतरा

बहराइच : जिले के तीनों बैराजों से शनिवार को दो लाख 64 हजार 101 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। नतीजतन घाघरा का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। इससे बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। तटवर्ती ग्रामीणों की धुकधुकी तेज होने लगी है। छत्तरपुरवा, तारापुरवा, सिलौटा, रानीबाग, गोलागंज समेत निचले गांवों के पास घाघरा की लहरें नदी से बाहर फैलने को बेताब हैं।

एल्गिन ब्रिज पर घाघरा का जलस्तर लाल निशान 106.07 मीटर के सापेक्ष 105.856 मीटर रिकार्ड किया गया। यहां नदी लाल निशान से 21 सेंटीमीटर नीचे बह रही हैं। घूरदेवी स्पर पर घाघरा का जलस्तर लाल निशान 112.135 मीटर के सापेक्ष 111.510 मीटर रिकार्ड किया गया। सरयू ड्रेनेज खंड प्रथम के सहायक अभियंता बीबी पाल ने बताया कि शनिवार की सुबह आठ बजे शारदा बैराज से एक लाख नौ हजार 35, गिरिजापुरी बैराज से एक लाख 37 हजार 234 व सरयू बैराज से 17 हजार 832 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। तहसीलदार महसी दिनेश कुमार सिंह ने बाढ़ प्रभावित गोलागंज क्षेत्र का जायजा लिया। उन्होंने मामूली जलस्तर बढ़ा है, लेकिन बाढ़ की स्थिति होने की संभावना नहीं है।

कैलाशपुरी बाजार बाढ़ की जद में

बिछिया: पहाड़ों पर हो रही जबरदस्त बारिश से गेरुआ व कौड़ियाला नदी उफान पर है। तेज बारिश के बाद महादेवा ताल का पानी उफान पर है, जिससे महादेवा ताल के किनारे स्थित मस्जिद में बाढ़ का पानी घुस गया है। बाढ़ की जद में कैलाशपुरी बाजार के लोग भी आ रहे हैं।

टेढि़या में तीन कच्चे घर धराशायी

बिछिया: चहलवा ग्राम पंचायत के वन ग्राम टेढि़या में कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से कई घरों में पानी भर गया है, जिससे संदीप, लाला, लक्ष्मण के कच्चे मकानों की दीवार ढह चुकी है। ग्रामीण जंत्री, राजेश, जनमेजर, धरमराज, अक्षयलाल, रामसहाय आदि के घरों में पानी भरा हुआ है।

chat bot
आपका साथी