Bahraich: सावधान! पलक झपकते ही बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे आटोलिफ्टर, पुलिस भी मौन

बहराइच में ताबड़तोड़ वाहन चोरी की घटनाओं से दोपहिया वाहन स्वामी दहशत में आ गए हैं। बीते कई दिनों से कई बाइकें चोरी हो चुकीं हें। लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। मस्त आटोलिफ्टर की कारगुजारियों के आगे पुलिस पस्त नजर आ रही है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sat, 26 Nov 2022 05:00 AM (IST) Updated:Sat, 26 Nov 2022 06:55 AM (IST)
Bahraich: सावधान! पलक झपकते ही बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे आटोलिफ्टर, पुलिस भी मौन
पलक झपकते बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे आटोलिफ्टर।

बहराइच, [संतोष श्रीवास्तव]। पलक झपकते ही वाहन गायब करने वाले आटोलिफ्टर की परछाई तक पुलिस को नहीं मिल पा रही है। इनके बुलंद हौसलों का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस चौकी के पास से भी वाहन चाेरी हो रही है। पुलिस घटनाओं का खुलासा करने की जगह पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की रस्म अदायगी करते हुए मौन साध लेती है।

ताबड़तोड़ वाहन चोरी की घटनाओं से दोपहिया वाहन स्वामी दहशत में हैं। बीते कई दिनों से कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाकर घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन एक भी घटना का अनावरण करने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। मस्त आटोलिफ्टर की कारगुजारियों के आगे पुलिस पस्त नजर आ रही है।

केस एक : अस्पताल पुलिस चौकी के पास से बंजारीमोड़ के शेखदहीर निवासी आलोक कुमार त्रिपाठी की बाइक पर आटोलिफ्टर ने हाथ साफ कर दिए।

केस दो : बाबागंज निवासी पेशे से शिक्षक विनोद गिरि का पुत्र कार्यवश बाइक से नानपारा तहसील गया था। तहसील के बाहर बाइक खड़ी करने के वह कुछ देर बाद वापस आया तो चोरी हो चुकी थी।

केस तीन : देहात कोतवाली इलाके का रायपुर राजा निवासी देव मणि शुक्ल की बाइक घर के बाहर खड़ी थी। बेखौफ आटोलिफ्टर दिन दहाड़े बाइक चोरी कर ले गए। भाग रहे आटोलिफ्टर का पीड़ित ने कुछ दूर तक पीछा भी किया, लेकिन वे भाग गए।

केस चार : शुक्रवार की देर शाम दरगाह इलाके सलारगंज निवासी राम गोपाल सिंह की बाइक को आटोलिफ्टर घर के बाहर से चोरी कर ले गए।

यह चंद घटनाएं तो मात्र बानगी हैं। हर दिन किसी न किसी के दोपहिया वाहन पर आटोलिफ्टर हाथ साफ कर रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस की सुस्ती समझ से परे है। जिले में तैनात एसओजी व पुलिस के मुखिबर वाहन चोरी करने वालों के पस्त हैं।

वाहन चोरी की वारदातों पर शिकंजा कसने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए पुलिस टीमों को लगाया है। जल्द ही आटोलिफ्टर गिरोह से जुड़े लोग जेल के सीखचों के पीछे होंगे। - कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी शहर

chat bot
आपका साथी