यमुना पर पहुंची पुलिस, नहीं लांघ पाई औपचारिकता का घाट

बैल-बुग्गी से यमुना नदी पार कराने का खतरनाक सफर बदस्तूर जारी है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 19 Nov 2020 12:05 AM (IST) Updated:Thu, 19 Nov 2020 12:05 AM (IST)
यमुना पर पहुंची पुलिस, नहीं लांघ पाई औपचारिकता का घाट
यमुना पर पहुंची पुलिस, नहीं लांघ पाई औपचारिकता का घाट

बागपत, जेएनएन। बैल-बुग्गी से यमुना नदी पार कराने का खतरनाक सफर बदस्तूर जारी है। 'दैनिक जागरण' में इस आशय की खबर छपने के बाद पुलिस यमुना पर तो पहुंची लेकिन औपचारिकता का घाट नहीं लांघ पाई। बुग्गी वालों का दौड़ाया, हड़काया, सरकारी दस्तूर पूरे किए और फिर पुलिसकर्मी वहां से निकल लिए। नतीजा, कुछ समय बाद फिर मौत का खेल शुरू हो गया। इससे यह तो साफ है कि अवैध काम करने वालों के मन में पुलिस का रत्तीभर खौफ नहीं है। यह खौफ कायम न होने का कारण क्या है, इस सच्चाई को भी पुलिस ही बेहतर ढंग से समझती होगी। पिछले दो साल से यमुना नदी में नाव संचालन का ठेका बंद हैं। जिले में बालू खनन बंद होने के कारण बैल-बुग्गी से बालू ढोने वाले भी खाली है। ऐसे में उन्होंने पैसे कमाने का नया जरिया शुरू कर दिया है। ये लोग यमुना नदी के आसपास की कालोनियों के रहने वाले हैं और बैल-बुग्गी से लोगों को यमुना पार कराते हैं। यमुना पार कराने का शुल्क 10 रुपये है। एक बुग्गी में 10-10 लोगों को बैठाया जाता है। बाइक भी बुग्गी में रखकर इस पार से उस पार पहुंचा देते हैं। बड़ी संख्या में यूपी और हरियाणा के लोग इन खतरनाक वाहनों पर आवाजाही कर रहे हैं। बैल बुग्गी चलाने वालों में नौनिहाल भी शामिल हैं। देर शाम तक यह धंधा चलता है।

दैनिक जागरण ने बुधवार के अंक में इस पर चोट करते हुए 'हाकिमों की नाक तले सज रहा मौत का डोला' खबर प्रकाशित की थी। बुधवार को कोतवाली बागपत से पुलिस और फैंटम पुलिसकर्मी यमुना नदी पर जांच के पहुंचे। पुलिस ने हड़काया तो बैल-बुग्गी वाले रफूचक्कर हो गए।

--------

इनसेट

रात के अंधेरे में शराब की भी ढुलाई

आरोप है कि यमुना पर चलने वाली बैल-बुग्गी रात के समय हरियाणा से अवैध शराब लाने का भी साधन बनी हुई हैं। शराब तस्कर ज्यादा रुपये देकर बुग्गियों में हरियाणा से शराब भी ढोकर ला रहे है। दिन ढलते ही इन बैल बुग्गियों से अवैध शराब का धंधा शुरू हो जाता है।

--------

पुलिस को भेजा गया था। इसके बाद भी यदि यमुना नदी पार कराने के लिए बैल बुग्गी का संचालन जारी है तो पुलिस को दोबारा भेजा जाएगा। बैल-बुग्गी का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।

-अभिषेक सिंह, एसपी लोगों को बैल-बुग्गी में बैठाकर यमुना नदी पार कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम व सीओ की संयुक्त टीम को यमुना नदी पर भेजा जाएगा। लोगों की जान को किसी हालत में जोखिम में नहीं डालने दिया जाएगा।

-शकुंतला गौतम, डीएम

chat bot
आपका साथी