जम्मू कश्मीर में फंसे फतेहपुर चक के तीन लोग

By Edited By: Publish:Sat, 06 Sep 2014 11:55 PM (IST) Updated:Sat, 06 Sep 2014 11:55 PM (IST)
जम्मू कश्मीर में फंसे फतेहपुर चक के तीन लोग

बागपत : करीब दो माह पूर्व किशनपुर बराल के एक व्यक्ति के साथ जम्मू कश्मीर में मजदूरी करने गए फतेहपुर चक के तीन लोग बाढ़ में फंस गए हैं। तीन दिन पूर्व मजदूरों का फोन आया था, जिसके बाद से उनका संपर्क कट गया है। मजदूरों के घरवालों ने शासन-प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

फतेहपुर चक गांव निवासी सुखपाल ने बताया, किशनपुर बराल निवासी रहीसू के साथ कोमल, आबिद व डिंपल जम्मू कश्मीर में मजदूरी करने गए थे। कई माह से उनका काम ठीक चल रहा था और वे अपने परिजनों के संपर्क में भी थे। तीन दिन पूर्व युवकों ने अपने परिजनों को मोबाइल पर फोन कर बताया कि वे बाढ़ में फंस गए हैं और बचने की संभावना नहीं है। वहां से संपर्क करने के तमाम इंतजाम भी ध्वस्त हो चुके हैं। इसके बाद युवकों का संपर्क अपने घरवालों से कट गया और अभी तक कोई फोन आदि नहीं आया है। पीड़ित परिजनों ने शासन-प्रशासन से युवकों को बचाने की मांग की है। उन्होंने संभावना जताई कि यदि जल्द ही कार्रवाई न हुई तो अनहोनी हो सकती है। रमाला इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह का कहना है कि अभी इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। जैसे ही मिलती है कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी