नवरात्र के पांचवें दिन पूजी गई मां स्कंदमाता

नवरात्र के पांचवें दिन स्कंदमाता की पूजा अर्चना की गई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 11 Apr 2019 12:19 AM (IST) Updated:Thu, 11 Apr 2019 12:19 AM (IST)
नवरात्र के पांचवें दिन पूजी गई मां स्कंदमाता
नवरात्र के पांचवें दिन पूजी गई मां स्कंदमाता

बदायूं : चैत्र नवरात्र के पांचवें दिन गुरुवार को मां स्कंदमाता की पूजा अर्चना बड़े ही श्रद्धा के साथ की गई। मंदिरों में मां का विशेष श्रंगार किया गया। शक्ति पीठ नगला मंदिर में देर शाम तक भक्तों की लंबी लाइन लगी रही। घंटा घड़ियालों की आवाज से मंदिरों का माहौल भक्तिमय रहा।

जिलेभर में पंचमी अनुष्ठान की शुरूआत ब्रहमूहर्त से हुई। घरों में मां स्कंद माता की पूजा अर्चना कर शहर के नगला मंदिर में भक्तों ने सभी देवियों के भव्य श्रंगार के दर्शन किए और आरती उतारी। शहर के बिरूआबाड़ी मंदिर, हरप्रसाद मंदिर, दुर्गा देवी मंदिर, सांई मंदिर में माता के पांचवे रूप स्कंदमाता की श्रंगार के साथ विविध अनुष्ठान सम्पन्न हुए। माता के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। नगला मंदिर में हो रहे कन्या पूजन में लोग बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे है। नगला मंदिर के महंत मोनू पंडित ने बताया नौ देवी के पांचवे रूप स्कंदमाता प्रेम और वात्सल्य की देवी है। देवी के इस स्वरूप में भगवान स्कंद बाल रूप में माता की गोद में विराजमान है। मां की चार भुजाएं हैं। शुभ वर्ण वाली मां कमल के पुष्प पर विराजित है। शहर से लेकर देहात तक घरों में महिलाए देर शाम तक मां के भजन कीर्तन कर रही है।

chat bot
आपका साथी