शासन ने पूछा, पंगा हुआ कैसे?

By Edited By: Publish:Sat, 24 May 2014 11:42 PM (IST) Updated:Sat, 24 May 2014 11:42 PM (IST)
शासन ने पूछा, पंगा हुआ कैसे?

जासं, बदायूं : बिनावर में बकरे को लेकर दो समुदाय के लोगों में हुए विवाद की सूचना शासन तक पहुंच गई है। शासन ने जिला प्रशासन से विवाद की वजह पूछी है। विवाद के बाद संदेह के घेरे में खड़ी स्थानीय पुलिस का स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

गुरुवार को बिनावर थाना क्षेत्र के गांव बगुलीनगर रफियाबाद निवासी महिपाल से भूरे कुरैशी का बकरे को लेकर विवाद हो गया था। महिपाल अपना बकरा बेचने देवचरा की बाजार में जा रहा था। इसी दौरान भूरे और उसके साथियों ने मन मुताबिक दामों पर बकरा लेने की बात कही थी। महिपाल ने बकरा देने से मना किया तो उन्होंने जबर्दस्ती बकरा छीनने का प्रयास किया और महिपाल की जमकर पिटाई की थी। इसके सूचना पर महिपाल के गांव से तमाम लोग ट्राली भरकर आ गए थे। कस्बे में दोनों पक्षों में पथराव हुआ था। पुलिस की मौजूदगी में भूरे पक्ष ने महिपाल पक्ष को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। पथराव में आठ लोग घायल हुए थे। करीब एक घंटे के बवाल में पुलिस पूरी तरह से तमाशबीन बनी रही थी। पुलिस ने शुरूआत में एक पक्ष की मदद शुरू की तो बवाल और बढ़ गया। गनीमत रही कि सूचना पर एसएसपी अतुल सक्सेना, एसपी सिटी एमएस चौहान, सीओ सिटी सत्यसेन यादव कई थानों का फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों के पहुंचने पर बवाल पर काबू पाया गया, लेकिन तनाव बरकरार रहा। पुलिस प्रशासन ने मामले में दोनों ओर से निष्पक्ष कार्रवाई की। इसके बाद रात में तमाम फोर्स मौजूद होने के बाद भी कस्बे के बिलहत रोड पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग की सूचना को एसओ ने अधिकारियों से छिपा लिया। जिला प्रशासन इस सूचना को शासन से छिपाना चाह रहा था, लेकिन इसकी सूचना शासन को पहुंच गई। सांप्रदायिक बवाल होने की सूचना पर डीजीपी कार्यालय से विवाद की वजह पूछी जा रही है। साथ ही पुलिस मौजूदगी में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को पीटा इसके लिए थाना पुलिस का स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

chat bot
आपका साथी