हरियाणा से पैदल ही निकल पड़े थे सोलह मजदूर

जरीफनगर थाना क्षेत्र के भोजीपुर पावई के 16 मजदूर इस समय गांव के बाहर बने ट्यूबवेल पर क्वारंटाइन किए गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 May 2020 11:30 PM (IST) Updated:Sun, 17 May 2020 11:30 PM (IST)
हरियाणा से पैदल ही निकल पड़े थे सोलह मजदूर
हरियाणा से पैदल ही निकल पड़े थे सोलह मजदूर

जेएनएन दहगवां (बदायूं) : जरीफनगर थाना क्षेत्र के भोजीपुर पावई के 16 मजदूर इस समय गांव के बाहर बने ट्यूबवेल पर क्वारंटाइन किए गए हैं। रोजगार छिन जाने के बाद घर पहुंचने की व्याकुलता बढ़ती जा रही थी। कैसे पहुंचेंगे कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था। इसलिए एकजुट होकर सभी पैदल ही निकल पड़े थे। डर यह भी था कि कहीं पुलिस के डंडे न खाने पड़ें, लेकिन जैसे-तैसे वह गांव पहुंच गए। अब गांव के बाहर समय गुजार रहे हैं। उन्हें प्रशासन की ओर से सुविधा नहीं मिल पा रही, जिससे वे परेशान हैं।

लॉकडाउन में हरियाणा के भिवानी में यह लोग फंसे हुए थे। वहां से कैसे निकलें कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था। वाहन चल नहीं रहे थे और अधिकारी कोई बात सुन नहीं रहे थे। कोई अधिकारी आता तो उनसे घर भिजवाने की गुहार लगाते, लेकिन कोई लाभ नहीं मिल रहा था। परेशानी बढ़ती जा रही थी, जेब खाली हो गए थे। सात मई की रात को यह लोग पैदल ही निकल पड़े। जगह-जगह पुलिस का पहरा था, इसलिए डर भी सता रहा था कि कहीं पुलिस की लाठियां न खानी पड़े। रास्ते में ट्रक मिल गया तो उससे दिल्ली पहुंच गए और दिल्ली से 10 मई को गांव पहुंच गए। ग्राम प्रधान सतीश को इसकी जानकारी हुई तो स्वास्थ्य विभाग की टीम बुलाकर इनका परीक्षण कराया गया और भोजीपुर पावई व आलमपुर के बीच जंगल में बने एक ट्यूबवेल पर क्वारंटाइन कर दिया गया है। रहने के लिए इन्हें एक तिरपाल दे दी गई है। प्रधान और सचिव की ओर से खाने-पीने की कोई व्यवस्था नहीं कराई गई है। मजदूरों के घर से ही खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है। जबकि प्रधान का दावा है कि मजदूरों के लिए सभी इंतजाम कर रहे हैं। सचिव सुरेश चंद्रा से भी व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गई तो वह भी कोई संतोषजनक जवाब न देकर बस इतना कहा कि व्यवस्था कराई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रवासी मजदूरों को वाहन से लाने से लेकर भोजन तक के इंतजाम की बात कर रहे हैं, लेकिन इस गांव में क्वारंटाइन मजदूरों की दशा देखकर तो यही लग रहा है कि प्रशासन की ओर से इन्हें कुछ नहीं मिल रहा है।

chat bot
आपका साथी