घायल दहेज पीड़िता की उपचार के दौरान मौत

दहेज की मांग पूरी न करने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर दिल्ली निवासी पति ने घर से निकाल दिया था। सूचना पर मायके वाले घायल अवस्था में उसे अपने साथ ले आए थे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 Sep 2018 10:57 PM (IST) Updated:Sun, 09 Sep 2018 10:57 PM (IST)
घायल दहेज पीड़िता की उपचार के दौरान मौत
घायल दहेज पीड़िता की उपचार के दौरान मौत

नौगावां सादात: दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर विवाहिता के साथ मारपीट कर दिल्ली निवासी पति ने घर से निकाल दिया था। सूचना पर मायके वाले घायल अवस्था में उसे ले आए। उपचार के दौरान रविवार को विवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया है। आरोप है कि तहरीर देने के बाद भी नौगावां सादात पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की।

यह मामला थाना क्षेत्र के गांव बरखेड़ा सादात का है। यहां रहने वाले ओमप्रकाश ने वर्ष 2016 में बेटी तन्नू की शादी दिल्ली के मंगोलपुरी निवासी नरेश कुमार के साथ की। आरोप है कि शादी के बाद से ही नरेश कुमार व उसके परिजन तन्नू पर मायके से बाइक लाने का दबाव बना रहे थे। रक्षाबंधन के दौरान इसी बात को लेकर फिर से दंपती के बीच विवाद हुआ।

आरोप है नरेश ने मारपीट कर तन्नू को घर से निकाल दिया। उसके सिर में गहरी चोट लगी थी। सूचना पाकर मायके वाले दिल्ली पहुंचे थे तो तन्नू मंगोलपुरी के एक मंदिर परिसर में बेहोश पड़ी मिली। उसे लेकर वह बरखेड़ा सादात चले आए। यहां पर उपचार करा रहे थे।

मायके वालों का कहना है कि उन्होंने नौगावां सादात व महिला थाने में तहरीर भी दी थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। रविवार सुबह उपचार के दौरान तन्नू की मौत हो गई। विवाहिता की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। दोपहर बाद उन्होंने मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया।

chat bot
आपका साथी