स्वजनों से कराएंगे यातायात के नियमों का पालन

अमरोहा सड़क सुरक्षा एवं यातायात माह के 7वें दिन हिल्टन कांवेन्ट स्कूल में जागरुकता कैंप का आयोजन किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 07 Nov 2020 11:41 PM (IST) Updated:Sat, 07 Nov 2020 11:41 PM (IST)
स्वजनों से कराएंगे यातायात के नियमों का पालन
स्वजनों से कराएंगे यातायात के नियमों का पालन

अमरोहा : सड़क सुरक्षा एवं यातायात माह के 7वें दिन हिल्टन कांवेन्ट स्कूल में जागरुकता कैंप आयोजित किया गया। टीएसआइ सुरेंद्र सिंह अत्री ने छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाया। कहा सड़क पर चलते समय यातायात के नियमों का पालन करें। शहर में ट्रैफिक पुलिस ने चेकिग व अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया।

शनिवार को ट्रैफिक पुलिस ने जोया रोड स्थित हिल्टन कांवेन्ट स्कूल में जागरूकता कैंप लगाया। टीएसआइ सुरेंद्र सिंह अत्री ने छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों की जानकारी दी। बताया वाहन चलाते समय महत्वपूर्ण नियमों का पालन किया जाए तो बहुत सारी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। कुछ नियम जैसे कि ओवरटेक न करना, वाहन की गति को सीमित रखना, नशे के हालत में वाहन न चलाना, वाहन को निर्धारित पार्किंग में ही रखना, हेलमेट का उपयोग करना जैसी चीजों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। इसके साथ ही बिना पंजीयन के बिना बीमा के एवं बिना वैध लाइसेंस के वाहन नहीं चलाना चाहिए।

उन्होंने छात्रों से अनुरोध किया कि यातायात के नियमों का पालन का प्रारंभ अपने घर एवं परिवार से करें। इसका समाज पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा। जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य अनिल कुमार जग्गा द्वारा छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित अध्यापकों को सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं उसके अनुपालन करने हेतु शपथ ग्रहण कराई गई। प्रधानाचार्य अवनीश शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वहीं, ट्रैफिक पुलिस ने बिजनौर रोड पर वाहन चेकिग एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। जिसका नेतृत्व टीएसआइ सुरेंद्र सिंह अत्री ने किया। उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए मिशन शक्ति की भी जानकारी दी।

इस मौके पर संजय गौतम, विकास मलिक, रविकुमार, राकेश कुमार, नसीर अहमद मौजूद थे। यातायात के नियमों का पालन करने को ली शपथ

हसनपुर : विकास खंड गंगेश्वरी के प्राथमिक विद्यालय गुलामपुर में स्टाफ एवं अभिभावकों को यातायात माह के अंतर्गत यातायात नियमों की जानकारी दी गई। यातायात के नियमों का पालन सही ढंग से करने की शपथ दिलाई गई।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामवीर सिंह ने अभिभावकों एवं अध्यापकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा हमें यातायात के नियमों का पालन पूरी ईमानदारी के साथ करना चाहिए। नियमों का पालन कर हम अपने जीवन को सुरक्षित रखने के साथ-साथ दूसरों के लिए भी प्रेरणा स्त्रोत बने रहते हैं। कभी भी दोपहिया वाहन को बिना हेलमेट पहने नहीं चलाना चाहिए और न ही कभी शराब पीकर। तेज गति से वाहन चलाने से भी बचना चाहिए। सड़क पर बायी तरफ चलना चाहिए। चार पहिया वाहन चलाते समय हमेशा सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए।

उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षक साथियों से यातायात के नियमों का पूर्ण प्रचार प्रसार करने की अपील की। बताया कि वर्तमान माह यातायात माह के नाम से जाना जाता है। इसलिए इस माह में यातायात नियमों की जानकारियां अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं और उन्हें यातायात के नियम का पालन करने के लिए प्रेरित करें।

इस अवसर पर मदन पाल, अमित कुमार, अजय सागर, योगेश कुमार, मनीष कुमार, इंद्र सिंह, कैलाश सिंह, नरेंद्र सिंह, राजीव कुमार आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी