मां गंगा के आंचल में पानी-पानी हो गए सरकारी बंदोबस्त

गजरौला कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर होने वाले स्नान पर प्रतिबंध के बाद भी सरकारी मशीनरी श्रद्धालओं को नहीं रोक पाई।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 11:16 PM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 11:16 PM (IST)
मां गंगा के आंचल में पानी-पानी हो गए सरकारी बंदोबस्त
मां गंगा के आंचल में पानी-पानी हो गए सरकारी बंदोबस्त

गजरौला : कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर होने वाले स्नान पर प्रतिबंध के बाद भी सरकारी मशीनरी श्रद्धालुओं को गंगाघाट तक पहुंचने से नहीं रोक पाई। भोर में सूरज की किरण से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। लेकिन, सरकारी लाव-लश्वर सिर्फ मूकदर्शक का किरदार निभाते नजर आया। श्रद्धालुओं की आस्था के सामने सरकारी बंदोबस्त मानों मां गंगा के आंचल में पानी-पानी हो गए थे।

कार्तिक पूर्णिमा पर कोई भी श्रद्धालु गंगा घाट तक नहीं पहुंचेगा। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा होगा। पीएसी भी तैनात होगी। दो दिन के लिए घाट पर स्थित दुकानें बंद रहेंगी। कुछ ऐसी ही तैयारियों का शोर मचाया गया था। लेकिन, सोमवार को भोर होते हुए निकले सूरज की किरणों के साथ बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के सामने सरकारी मशीनरी खुद-व-खुद पस्त हो गई। चूंकि तिगरी में पुलिस का सख्त पहरा भी था, पीएसी भी मौजूद थी। श्रद्धालुओं को रोकने के लिए कई जगह बैरियर भी लगे थे। बावजूद इसके श्रद्धालुओं की भीड़ रोकने में पुलिस नाकाम रही। प्रतिबंध व लाख बंदिशों के बाद भी तकरीबन दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा में डूबकी लगाई। 59 बैरियर, 300 पुलिस कर्मी, फिर भी नहीं रोक पाए श्रदालु

गजरौला : कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान करने पर श्रद्धालुओं को रोकने के लिए पुलिस ने रात से ही कमर कस ली थी। 10 स्थानों पर लगभग 59 बैरियर भी लगाए और वहां पर 300 पुलिस कर्मी भी तैनात किए। पीएसी के जवान भी थे। इन सब के बावजूद श्रद्धालुओं को रोकने के लिए पुलिस बेबस नजर आई। जब श्रद्धालु नहीं रुके तो पुलिस द्वारा भी ढील करते हुए बिना किसी रोकटोक के ही श्रद्धालुओं के अंदर जाने दिया।

कुमराला में सख्ती, बाकी बैरियरों पर हाथ बांधे खड़े रहे पुलिस कर्मी

गजरौला : श्रद्धालुओं को रोकने की जिम्मेदारी कुमराला पुलिस चौकी पर बाखूबी निभाई जा रही थी। चौकी प्रभारी कृपाल सिंह पुलिस कर्मियों के साथ श्रद्धालुओं को सख्ती के साथ रोक रहे थे। इसके आगे शराब दुकान के सामने लगे बैरियर, गांव पखरौला के सामने, तिगरी में लगे सभी बैरियरों पर पुलिस कर्मी हाथ बांधे खड़े हुए थे। संपर्क मार्गों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को नहीं रोक रहे थे। पुलिस प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को रोकने का पूरा प्रयास किया गया। रात से ही सभी डयूटी प्वाइंट पर अलर्ट जारी कर दिया गया था। इसके बाद भी श्रद्धालु गंगा पर पहुंच गए। मात्र तीन-चार हजार श्रद्धालुओं ने ही गंगा में स्नान किया है।

विवेक यादव, एसडीएम, मंडी धनौरा।

chat bot
आपका साथी