एडीओ पंचायत के कार्यालय का ताला तोड़कर चोरी

-बैटरी इनवर्टर तथा कुछ महत्वपूर्ण अभिलेख गायब -विकासखंड कटेहरी का मामला जांच में जुटी पुलिस

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 Aug 2020 11:17 PM (IST) Updated:Tue, 11 Aug 2020 11:17 PM (IST)
एडीओ पंचायत के कार्यालय का ताला तोड़कर चोरी
एडीओ पंचायत के कार्यालय का ताला तोड़कर चोरी

अंबेडकरनगर : अहिरौली थाना क्षेत्र के कटेहरी बाजार स्थित विकासखंड परिसर में बीती रात चोरों ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत के कार्यालय का ताला तोड़ दिया। इसमें रखी दो बैटरी, इनवर्टर तथा कुछ महत्वपूर्ण अभिलेख पार कर दिया। इससे ब्लॉक मुख्यालय में हड़कंप मच गया। मामले में एडीओ पंचायत ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। एडीओ पंचायत के कार्यालय में प्रतिदिन की तरह कामकाज संपन्न होने के बाद शाम को सभी कर्मी ताला बंद कर अपने आवास पर चले गए। मौका देख चोरों ने बीती रात कार्यालय के दरवाजे ताला तोड़ने का प्रयास किया। असफल होने पर कुंडी तोड़कर अंदर पहुंच गए तथा सामान पार कर दिया। घटना की जानकारी सुबह उस समय हुई जब कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र कुमार व सर्वेश कुमार तथा ब्लॉक खंड प्रेरक अजय कुमार तिवारी कार्यालय पहुंचे। इसकी सूचना दूरभाष से एडीओ पंचायत को दी। एडीओ पंचायत ने जांच के बाद दूरभाष के जरिए इसकी सूचना जिला पंचायतराज अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारी को दी। अधिकारियों ने पहुंचकर निरीक्षण किया तो घटना सत्य पाई गई। अधिकारियों के निर्देश पर एडीओ ने थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। बीडीओ आरबी यादव ने बताया जांच के बाद अभिलेखों के गायब होने की पुख्ता जानकारी हो सकेगी। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह ने बताया मामले में जांच के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी