देश का अक्रांता हमारा आदर्श नहीं हो सकता : डिप्टी सीएम

जलालपुर के नरेंद्र देव इंटर कालेज में डा. दिनेश शर्मा ने जनसभा को किया संबोधित कई योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करने के साथ लाभार्थियों को बांटा प्रमाण पत्र।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Dec 2021 09:22 PM (IST) Updated:Thu, 09 Dec 2021 09:22 PM (IST)
देश का अक्रांता हमारा आदर्श नहीं हो सकता : डिप्टी सीएम
देश का अक्रांता हमारा आदर्श नहीं हो सकता : डिप्टी सीएम

संसू, मालीपुर (अंबेडकरनगर): उपमुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि विदेशी आक्रांता हमारे आदर्श नहीं हो सकते। महाराजा सुहेलदेव को देश का गौरव बताते हुए उन्होंने कहा कि सैय्यद सलार मसूद गाजी की मजार पर फूल चढ़ाने वाले सच्चे राष्ट्रभक्त नहीं हैं। वह गुरुवार को जलालपुर के नरेंद्र देव इंटर कालेज में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। इस दौरान डा. शर्मा ने कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

निर्धारित समय से करीब घंटेभर विलंब से पहुंचे उप मुख्यमंत्री का जिलाध्यक्ष मिथिलेश त्रिपाठी, डा. रजनीश सिंह, डा. आरआर शुक्ल, केके मिश्र, अरविद पांडेय, मनोभव त्रिपाठी, दिनेश पांडेय समेत अन्य नेताओं ने स्वागत किया। मंत्री ने जलालपुर तहसील में 5079.57 लाख की परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने 500 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री आवास, पेंशन, किसान सम्मान निधि समेत अन्य योजनाओं की चाबी, प्रमाणपत्र और दिव्यांगों को ट्राई साइकिल वितरित किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा का मूलमंत्र विकास है। इसीलिए भाजपा सरकार में हिदू, मुस्लिम, सिख-ईसाई सभी को योजनाओं का लाभ बगैर भेदभाव के मिल रहा है। अन्य राजनीतिक दल परिवारवाद, भ्रष्टाचार और जातिवाद की राजनीति करते हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश की दिशा और दशा बदलने वाली है। मोदी सरकार में उज्जवला योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत अभियान, सौभाग्य योजना समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी लोगों को मिल रहा है। जनपद में पांच लाख आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। 50 हजार परिवारों को नि:शुल्क विद्युत कनेक्शन दिया गया। सभी अस्पतालों में आक्सीजन प्लांट की स्थापना की गई है। डेढ़ लाख शिक्षकों की भर्ती हुई तथा पौने चार लाख को संविदा पर नौकरी प्रदान की गई है। उन्होंने महाराजा सुहेलदेव का जिक्र करते हुए उन्हें समाज के गौरव का प्रतीक बताया। असदुद्दीन ओवैसी और ओमप्रकाश राजभर पर तंज कसते हुए कहा कि देश का आक्रांता हमारा आदर्श नहीं हो सकता। जो अपने को राजभर समाज का बड़ा नेता कहते हैं, वह सलार मसूद गाजी की मजार पर जाकर फूल चढ़ाते हैं, जबकि महाराजा सुहेलदेव ने उस आक्रांता का डटकर विरोध करते हुए उसे मौत के घाट उतारा था।

सपा का बिना नाम लिए उस पर कटाक्ष करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि माफिया या तो जिलाबदर हैं अथवा जेल में हैं। पिछली सरकारों में दीपावली, होली पर क‌र्फ्यू लगता था। रामलीला, दशहरा, कांवड़ियों पर पत्थर बरसाए जाते थे। अब भाजपा सरकार में उन पर फूल बरसाए जाते है। राम भक्तों पर गोली चलाने वाले और श्रीराम जन्मभूमि का अदालत में विरोध करने वाले मंदिर-मंदिर करते घूम रहे हैं। पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पांच बजे के बाद महिलाएं घर से नहीं निकलती थीं और अब सज-धज कर महिलाएं बिना डर के घूमती हैं। कार्यक्रम के समापन के बाद उन्होंने हेलिकाप्टर दुर्घटना में हुई मौत पर दो मिनट का मौन रखा। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. मिथलेश त्रिपाठी और संचालन यमुना प्रसाद चतुर्वेदी ने किया।

chat bot
आपका साथी