राजा भैया के पिता उदय प्रताप तीसरे दिन भी नजरबंद, 10 समर्थकों को भी किया गया हाउस अरेस्ट

मुर्हरम गेट को हटाने की मांग पर कुंडा विधायक राजा भैया के पिता उदय प्रताप अब भी अडिग हैं। उनको शुक्रवार से प्रशासन ने भदरी कोठी में नजरबंद कर रखा है। वह रविवार को तीसरे दिन भी नजरबंद रहे। शेखपुर गांव में बाहरी लोगों के आने पर रोक है

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 07 Aug 2022 04:11 PM (IST) Updated:Sun, 07 Aug 2022 08:03 PM (IST)
राजा भैया के पिता उदय प्रताप तीसरे दिन भी नजरबंद, 10 समर्थकों को भी किया गया हाउस अरेस्ट
प्रतापगढ़ पुलिस ने गेट के पास लगाया बैरियर, हर मोड़ पर खाकी का पहरा

प्रयागराज, जेएनएन। मुर्हरम के मौके पर लेकर लगाए गेट को हटाने की मांग पर कुंडा विधायक राजा भैया के पिता उदय प्रताप अब भी अडिग हैं। उनको शुक्रवार से प्रशासन ने भदरी कोठी में नजरबंद कर रखा है। वह रविवार को तीसरे दिन भी नजरबंद रहे। इधर शेखपुर में बाहरी लोगों के आने पर रोक लगाते हुए पुलिस ने वहां से जुड़े रास्तों पर नाकेबंदी कर दी है।

10 समर्थकों को भी प्रशासन ने पाबंद कर किया हाउस अरेस्ट

कुंडाः मुहर्रम को देखते हुए तहसील प्रशासन ने उदय प्रताप के 10 करीबियों को पाबंद कर दिया है। रविवार देर शाम हुई कार्रवाई में जो लोग शामिल हैं उनमें केसरी नंदन पांडेय, हनुमान पांडेय, भवानी विश्वकर्मा, आनंद पाल, जितेंद्र सिंह, रवि सिंह, रमाकांत मिश्रा समेत 10 लोग हैं। इनको मुहर्रम के दिन नौ अगस्त को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक प्रशासन ने नजरबंद किए जाने का आदेश दिया है। पुलिस ने नजरबंद किए गए लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा कर जानकारी दी है। एसडीएम सतीश चंद्र ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाने के लिए उपरोक्त लोगों को मोहर्रम के दिन नजरबंद किया गया है। इसके साथ ही कुंडा पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली क्षेत्र के 336 अन्य लोगों को भी पाबंद किया है।

चस्पा नोटिस में रविवार तक हाउस अरेस्ट रहने का है उल्लेख

भदरी कोठी के गेट पर धारा 144 का हवाला देते हुए नजरबंदी का जो नोटिस चस्पा किया गया है, उसमें रविवार तक आदेश प्रभावी रहने का जिक्र है। इसको लेकर कोठी के अंदर पुलिस-पीएसी का पहरा लगा है। प्रशासन का प्रयास है कि मुहर्रम तक वह बाहर न निकल पाएं, ताकि धरना न दे सकें। इधर पर्व को देखते हुए शेखपुर आशिक में रविवार को सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। सुरक्षा में पुलिस लाइन के साथ ही एक प्लाटून पीएसी के जवान भी लगाए गए हैं। वह भदरी कोठी के आसपास नजर रखे हैं।

मुहर्रम जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे प्रशासन और अलर्ट होता जा रहा है। भदरी कोठी में राजा उदय प्रताप सिंह को नजरबंद करने के बाद प्रशासन ने शेखपुर आशिक में बाहरी लोगों का आना-जाना रोक दिया है। इसके लिए इस ओर आने रास्ते को सील कर दिया है।प्रयागराज-लखनऊ हाईवे से शेखपुर आशिक गांव के लिए निकलने रास्ते पर पीएसी व पुलिस का कड़ा पहरा है। चार पहिया वाहनों पर प्रतिबंध है। गांव से एक बार बाहर निकलने वाले चार पहिया वाहन दूसरी बार प्रवेश नहीं करने पा रहे हैं। प्रशासन ने शेखपुर आशिक गांव के रास्ते से जुड़े मदरियापुर एवं कुंडा बिहार-मार्ग से शेखपुर के लिए कटे रास्ते पर भी पुलिस व पीएसी के जवानों को तैनात किया है। प्रयास है कि कि बाहरी लोग शेखपुर में प्रवेश नही कर पाएंगे। कुंडा कोतवाल प्रदीप कुमार का कहना है कि यह सब सतर्कता मुहर्रम को देखते हुए बरती जा रही है।

हर साल होती है प्रशासन की अग्निपरीक्षा

शेखपुर का मुहर्रम प्रकरण प्रशासन के लिए सिरदर्द बना है। यहां उसकी अग्निपरीक्षा होती है। हालांकि अब तक सब शांति से बीतता रहा है। कई साल उदय प्रताप मुहर्रम के ही दिन शेखपुर में भंडारा करते रहे हैं। छह साल से प्रशासन इसकी अनुमति नहीं दे रहा है, फिर भी वहां बने मंदिर में उस दिन दर्शन व प्रसाद चढ़ाने को लोग आते हैं।

chat bot
आपका साथी