रोडवेज की 'पिंक सेवा' बस में पुरुष भी बैठ रहे, यह हैं शर्तें Prayagraj News

रोडवेज ने आमदनी बढ़ाने के लिए पिंक सेवा बसों में महिलाओं के साथ उनके परिवार के पुरुष सदस्यों को भी यात्रा की इजाजत दी है। लखनऊ-प्रयागराज रूट पर छह बसें चल रही हैं।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 15 Jul 2019 01:09 PM (IST) Updated:Mon, 15 Jul 2019 01:09 PM (IST)
रोडवेज की 'पिंक सेवा' बस में पुरुष भी बैठ रहे, यह हैं शर्तें Prayagraj News
रोडवेज की 'पिंक सेवा' बस में पुरुष भी बैठ रहे, यह हैं शर्तें Prayagraj News

प्रयागराज, जेएनएन। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की ओर से चलाई गई 'पिंक सेवा' बसों में अब पुरुष भी यात्रा कर रहे हैं। मार्च के पहले सप्ताह से चल रहीं इन बसों में आमदनी, योजना के विपरीत पाए जाने पर इसमें पुरुषों को भी यात्रा करने की स्वीकृति पिछले दिनों मिल चुकी है, लेकिन शर्त है कि पुरुष, महिला का पति या उसका कोई अन्य परिजन होना चाहिए। किसी अकेले पुरुष यात्री को इस बस में सवारी करने की इजाजत नहीं है। 

लखनऊ-प्रयागराज के लिए छह पिंक बसों का हो रहा संचालन

रोडवेज ने निर्भया फंड से पिंक सेवा बसों का संचालन उत्तर प्रदेश में छह मार्च 2019 को शुरू किया था। इस योजना से प्रदेश को 50 बसें मिली हैं। इनमें लखनऊ से संबद्ध बसों में पहले तो दो बसें लखनऊ-प्रयागराज के लिए चलाई गई थीं। इनकी संख्या अब छह हो चुकी है। इसमें चालक और कंडक्टर भी महिलाओं को ही नियुक्त किए जाने का प्रावधान किया गया था। हालांकि रोडवेज को इसमें बहुत हद तक सफलता नहीं मिली। सवारियों में केवल महिलाओं को ही इजाजत थी। अब इसमें महिलाओं के साथ उनके सगे संबंधी पुरुष भी यात्रा कर रहे हैं। लखनऊ से प्रयागराज के सिविल लाइंस डिपो पहुंची बस में पुरुष यात्री भी मिले।

बोले रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक 

रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि लखनऊ-प्रयागराज रूट पर छह गाडिय़ां चल रही हैं। यह केवल दिन की बस सेवा है। कहा कि पहले इसमें आमदनी कम आ रही थी, लेकिन जब से परिवार को अनुमति मिल गई है तो राजस्व कुछ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इसमें पति पत्नी, भाई बहन को तथा महिला के साथ उनके अन्य सगे परिजनों को चलने की अनुमति है। 

chat bot
आपका साथी