प्रतापगढ़ जिले में धान की अच्‍छी पैदावार के आसार, खिले किसानों के चेहरे

अब तक कुल 650 मिमी बरसात जिले में हो चुकी है। समय-समय पर हुई अच्छी बरसात धान की फसलों के लिए मुफीद साबित हो रही है।

By Brijesh SrivastavaEdited By: Publish:Mon, 07 Sep 2020 04:41 PM (IST) Updated:Mon, 07 Sep 2020 04:41 PM (IST)
प्रतापगढ़ जिले में धान की अच्‍छी पैदावार के आसार, खिले किसानों के चेहरे
प्रतापगढ़ जिले में धान की अच्‍छी पैदावार के आसार, खिले किसानों के चेहरे

प्रतापगढ़,जेएनएन। भोजन की थाली में चावल न हो तो थाली अधूरी मानी जाती है। चावल के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। इस साल जिले में अच्छी बरसात होने से धान की पैदावार अच्छी होने के आसार हैं। यही नहीं इस साल धान के लगाने का एरिया भी बढ़ गया है। उसमें बारिश ने सोने में सुहागा कर दिया है। यह जिला उद्योग विहीन है। लोग या तो खेती किसानी करते हैं या दूसरे शहर में जाकर मेहनत करते हैं। कुछ लोग दुकानों का संचालन भी करने लगे हैं। वैसे अधिकांश लोगों के लिए खेती किसानी ही पेट भरने का जरिया होती है।

जिले में 98 हजार हेक्टअर क्षेत्रफल में हुई है धान की रोपाई

प्रतापगढ़ में इस बार 98 हजार हेक्टअर में धान रोपा गया है। एक साल पहले का आकड़ा देखें तो पता चलता है कि गत वर्ष 96 हजार छह सौ हेक्टेअर में धान की रोपाई हुई थी। इस साल 1400 हेक्टेअर इसका एरिया बढ़ गया है। ऐसे में धान की नर्सरी तैयार करने से लेकर धान की रोपाई करने के बाद भी इस बार भगवान इंद्र की कृपा जनपदवासियों पर खूब बनी रही। अब तक कुल 650 मिमी बरसात जिले में हो चुकी है। समय-समय पर हुई अच्छी बरसात धान की फसलों के लिए मुफीद साबित हो रही है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार धान की अच्छी पैदावार होगी। धान को पानी अधिक चाहिए। ऐसे में कुंडा व रानीगंज क्षेत्र में धान की रोपाई अधिक होती है। इसकी वजह है वहां पर नहरों का अच्छी संख्या में होना। इससे खेतों को पानी मिल जाता है। सदर क्षेत्र में पानी की समस्या रहती है।

अभी और बारिश के हैं आसार

इस बारे में जिला कृषि अधिकारी एके सिंह बताते हैं कि इस वर्ष धान का उत्पादन बढऩे के आसार हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक अच्छी वर्षा हो चुकी है। अभी और बारिश होने के आसार हैं। सबकुछ ठीक रहा तो धान की अच्छी पैदावार होगी।

chat bot
आपका साथी