कानपुर- प्रयागराज-चित्रकूट इंटरसिटी चलाने की डिमांड, इस रूट पर यात्रियों का सफर होगा आसान

अधिकांश ट्रेनों को दोबारा शुरू कर दिया गया है लेकिन 22441/22442 कानपुर- प्रयागराज-चित्रकूट इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन अब तक ठप है। इस ट्रेन का संचालन 18 अप्रैल 2021 को बंद किया गया था। पिछले तीन महीने से इसके शुरू होने की उम्मीद यात्री लगाए हुए हैं

By Ankur TripathiEdited By: Publish:Sun, 10 Apr 2022 06:30 AM (IST) Updated:Sun, 10 Apr 2022 06:59 AM (IST)
कानपुर- प्रयागराज-चित्रकूट इंटरसिटी चलाने की डिमांड, इस रूट पर यात्रियों का सफर होगा आसान
कानपुर- प्रयागराज-चित्रकूट इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन अब तक ठप है।

प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना काल के दौरान बंद की गई अधिकांश ट्रेनों को दोबारा शुरू कर दिया गया है लेकिन 22441/22442 कानपुर- प्रयागराज-चित्रकूट इंटरसिटी एक्सप्रेस का संचालन अब तक ठप है। इस ट्रेन का संचालन 18 अप्रैल 2021 को बंद किया गया था। पिछले तीन महीने से इसके शुरू होने की उम्मीद यात्री लगाए हुए हैं, लेकिन इस पर कोई सकारात्मक पहल नही हो पा रही है। यात्रियों को इस रूट पर दूसरे साधनों का प्रयोग यात्रा के लिए कराना पड़ रहा है।

चित्रकूट के लिए नवरात्र पर भी नहीं चली ट्रेन तो मायूस हुए श्रद्धालु

धार्मिक स्थल होने के कारण चित्रकूट जाने के लिए वर्ष भर श्रद्धालुओं की टोलियां जाती हैं। लेकिन इस बार नवरात्र में भी यहां के लिए ट्रेन नहीं चलाई जा सकी, जिससे यात्रियों को अधिक किराया देकर बस व अन्य साधनों का प्रयोग करना पड़ा। सलोरी के आस्तिक शुक्ला बताते हैं कि प्रयागराज-चित्रकूट जाने व आने के लिए ट्रेन बहुत सुविधाजनक थी। कम किराये में आसानी से सफर हो जाता था। पर ट्रेन बंद होने से परेशानी हो रही है। व्यापारी अप्पू केसरवानी ने बताते है कि चित्रकूट सप्ताह में दो दिन जाना पड़ता है। इस ट्रेन को तत्काल शुरू कर देना चाहिए। चित्रकूट में अपनी आंख का इलाज कराने जा रहे गौरीशंकर ने बताया कि यह ट्रेन चित्रकूट के लिए बहुत सुविधा जनक थी। कोरोना के बाद अन्य ट्रेनें तो शुरू कर दी गई, लेकिन अभी तक इसे नहीं शुरू किया गया।

यह थी इंटरसिटी की टाइमिंग

ट्रेन नंबर 22441 कानपुर सेंट्रल से प्रतिदिन सुबह 6.30 बजे चलती थी और फतेहपुर, प्रयागराज (सुबह 9.45 बजे) होकर 12.20 बजे चित्रकूटधाम कर्वी पहुंचती थी। वापसी में ट्रेन नंबर 04122 ट्रेन इसी रूट से शाम 6.20 बजे प्रयागराज जंक्शन, रात 9.40 बजे कानपुर पहुंचती थी।

chat bot
आपका साथी