CoronavirusLockdown in UP : लॉकडाउन में 'फंसा' हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की नई टीम का चुनाव

CoronavirusLockdown in UP यह पहला मौका है जब हाई कोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव हुए एक माह से ज्यादा समय बीत गया है लेकिन नई टीम अभी तक पदभार ग्रहण नहीं कर पायी।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 30 Mar 2020 07:09 PM (IST) Updated:Mon, 30 Mar 2020 07:10 PM (IST)
CoronavirusLockdown in UP : लॉकडाउन में 'फंसा' हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की नई टीम का चुनाव
CoronavirusLockdown in UP : लॉकडाउन में 'फंसा' हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की नई टीम का चुनाव

प्रयागराज, जेएनएन। यह पहला मौका है जब हाई कोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव हुए एक माह से ज्यादा समय बीत गया है, लेकिन नई टीम अभी तक पदभार ग्रहण नहीं कर पायी। कार्यकारिणी सदस्य पद का चयन नहीं होने से अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री, संयुक्त मंत्री जैसे प्रमुख पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण नहीं हो पाया है। इधर, लॉकडाउन के कारण सारी प्रक्रिया ठप है। लॉकडाउन खत्म होने के बाद कार्यकारिणी सदस्य पद की गिनती पूरी कर पदाधिकारियों को पदभार ग्रहण कराया जाएगा।

हाई कोर्ट बार एसोसिएशन की 28 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए 19 फरवरी को मतदान कराया गया। चुनाव में 193 प्रत्याशी मैदान में थे। अध्यक्ष पद के सात, महासचिव के 10, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के 10, उपाध्यक्ष के 39, संयुक्त सचिव प्रशासन के 17, संयुक्त सचिव लाइब्रेरी के सात, संयुक्त सचिव प्रेस के चार, संयुक्त सचिव महिला के चार, कोषाध्यक्ष के आठ और कार्यकारिणी सदस्य के लिए 87 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा।

इसमें 8531 अधिवक्ताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना 22 फरवरी को प्रारंभ हुई। फरवरी के अंत व मार्च के प्रथम सप्ताह में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महामंत्री सहित सारे प्रमुख पदों का परिणाम घोषित हो गया। लेकिन, धांधली के आरोप में कार्यकारिणी सदस्य पद की गिनती दोबारा करानी पड़ी। इससे अभी तक कार्यकारिणी सदस्य पद की पांच हजार से कम वोटों की गिनती हो पायी है।

मुख्य चुनाव अधिकारी वशिष्ठ तिवारी का कहना है कि होली का अवकाश पड़ने से गिनती ज्यादा लंबी खिंच गई। अब लॉकडाउन से गिनती रुक गई है। बताया कि कार्यकारिणी सदस्य पद की गिनती पूरी होने के बाद सारे पदाधिकारियों को एक साथ शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण करने के बाद नई टीम का कार्यकाल माना जाएगा।

chat bot
आपका साथी