अब साइकिल पर सवार होंगे नंदी!

संजय कुशवाहा, इलाहाबाद : एक अटकल ने जिले का सियासी ताप सप्ताह भर से चढ़ा दिया है। यह है पूर्व मंत्री

By Edited By: Publish:Sat, 05 Sep 2015 01:40 AM (IST) Updated:Sat, 05 Sep 2015 01:40 AM (IST)
अब साइकिल पर सवार होंगे नंदी!

संजय कुशवाहा, इलाहाबाद : एक अटकल ने जिले का सियासी ताप सप्ताह भर से चढ़ा दिया है। यह है पूर्व मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की। इससे कांग्रेस में तो हलचल है ही, सपा भी अछूती नहीं है। पूर्व मंत्री ने इन अटकलों पर शुक्रवार को इतना ही कहा कि राजनीति में संभावनाओं के द्वार खुले रहते हैं, लेकिन अभी कुछ भी कहना मुश्किल है।

जानकारों का दावा मानें हाल के दिनों में नंदी की सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से तीन बार मुलाकात हो चुकी है। दो बार दिल्ली में, एक बार लखनऊ में। नंदी इस बात को स्वीकार भी करते हैं। शुक्रवार को इस प्रतिनिधि से बातचीत में कहा, 'उन्होंने (मुलायम ने) मेरी बड़ी मदद की है। अपने घर पर खाना भी खिलाया, बड़ा सम्मान दिया। उनके लिए मेरे दिल में बड़ी इज्जत है।'

सुश्री मायावती के नेतृत्व वाली बसपा सरकार में मंत्री रहे नंदी ने बीते लोकसभा चुनाव से ऐन पहले कांग्रेस का दामन थाम लिया था। कांग्रेस ने भी अपने तमाम धुरंधरों को नाराज कर नंदी को इलाहाबाद संसदीय सीट से लोकसभा का प्रत्याशी बना दिया। नंदी यह चुनाव हार जरूर गए, लेकिन सवा लाख से ज्यादा वोट उनके खाते में रहे। अमिताभ बच्चन के बाद इस संसदीय सीट पर कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले वह ऐसे एकमात्र प्रत्याशी थे, जिन्होंने यह आंकड़ा पार किया। लोकसभा चुनाव में हार के बाद नंदी की परेशानियां अचानक बढ़ गई। उन पर कई मामले भी दर्ज करा दिए गए। कहा जा रहा है कि शिकंजा कसते देख नंदी शहर के ही एक कद्दावर सपा नेता के संपर्क में आए। इसके बाद उनकी मुलाकात सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव से हुई। सपा सुप्रीमो के सामने उन्होंने अपनी नई पारी के लिए ख्वाहिश जताई।

यदि नंदी सपा में शामिल होते हैं तो यह शहर में कांग्रेस के लिए बड़ा झटका होगा। बसपा से दो बार विधायक रहे नंदी सपा के लिए फायदेमंद सौदा साबित हो सकते हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने माना कि इस तरह की चर्चा चल रही है। वैसे उन्होंने यह भी कहा कि जब अधिकृत तौर पर कोई घोषणा होगी तब पार्टी अपनी प्रतिक्रिया देगी। सपा जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव का कहना है कि यदि नंदी पार्टी में आते हैं तो निसंदेह फायदा होगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी पार्टी हाईकमान की तरफ से उन्हें ऐसी कोई सूचना नहीं दी गई है। न ही पार्टी फोरम पर ऐसी कोई बात हुई है।

अभिलाषा को मिलेगा टिकट

नंदी के सपा में शामिल होने के बाद उनकी पत्‍‌नी अभिलाषा गुप्ता को आगामी विस चुनाव में शहर पश्चिमी से सपा का टिकट मिलने की चर्चा भी जोरों पकड़े हुए है। सपा के ही लोग मानते हैं कि पूर्व सांसद अतीक अहमद के भाई व पूर्व विधायक मो. अशरफ शहर दक्षिणी से दावेदारी जता सकते हैं। शहर दक्षिणी से फिलहाल परवेज टंकी सपा के विधायक हैं।

chat bot
आपका साथी