हड़ताल समाप्त होने से पहले दौड़ने लगी बसें

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के आह्वान पर बुधवार की रात से शुरू हुई

By Edited By: Publish:Thu, 30 Apr 2015 10:22 PM (IST) Updated:Thu, 30 Apr 2015 10:22 PM (IST)
हड़ताल समाप्त होने से पहले दौड़ने लगी बसें

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के आह्वान पर बुधवार की रात से शुरू हुई हड़ताल के समाप्त होने से पहले ही सड़कों पर बसें दौड़ने लगी। हालांकि केंद्र सरकार के आश्वासन के बाद दोपहर एक बजे हड़ताल समाप्त कर दी गई।

राजकीय परिवहन निगम और यूनियन के तनातनी को लेकर चालक और परिचालक सुबह दस बजे से ही बसों को लेकर डिपो पहुंचने लगे। डिपो में बस के पहुंचते ही यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। मिनटों में मिरजापुर और गोरखपुर की बसों में यात्री भर गए। बसों के परिचालन शुरू होने की सूचना मिलते ही लोग रेलवे स्टेशन से लौटने लगे। हड़ताल से परेशान लोगों ने बस की जानकारी लेनी शुरू कर दी। केंद्र सरकार के आश्वासन मिलने के बाद उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ ने गुरुवार दोपहर एक बजे पूरी तरह से हड़ताल समाप्त होने की घोषणा कर दी। परिवहन निगम इलाहाबाद के क्षेत्रीय प्रबंधक सुमन यादव ने बताया कि हड़ताल का परिवहन के परिचालन पर असर नहीं पड़ा। उन्होंने दावा किया कि बसों का परिचालन पांच बजे से साढ़े छह बजे तक ही बंद रहीं।

दस बजे रवाना हुई डिपो से पहली बस

सिविल लाइंस और जीरो बस डिपो से बसों का परिचालन गुरुवार की सुबह दस बजे से शुरू हो गया था। उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के क्षेत्रीय मंत्री राजकुमार शुक्ला ने दावा किया कि आंदोलन सफल रहा। लालगंज, प्रतापगढ़, मीरजापुर, जीरो रोड, लीडर रोड, सिविल लाइंस बादशाहपुर में हड़ताल सफल रही। हड़ताल में सभी ट्रेड यूनियन ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। केंद्र सरकार से आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है।

चालक और परिचालक पर प्रबंधन का दवाब

हड़ताल शुरू होने से पहले ही परिवहन निगम प्रबंधन के वरीय अधिकारी चालक और परिचालक पर दबाव बनाने लगे थे। चालक-परिचालक नौकरी छूटने के डर के कारण बस लेकर डिपो पहुंचने लगे। लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, बनारस जाने वाली बसों के पहुंचने की जानकारी मिलते ही दिल्ली, बांदा, बस्ती की बसें भी सिविल लाइंस बस डिपो पहुंचने लगी।

..उतार दिया बस से

मीरजापुर, मेजा लखनऊ और कानपुर की बस यात्रियों से भर गई थी। मगर हड़ताल पर आमादा चालक और परिचालकों ने बसों में बैठे यात्रियों को उतार दिया। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

chat bot
आपका साथी