एडीए की कार्रवाई का किया विरोध

By Edited By: Publish:Mon, 21 Apr 2014 08:01 PM (IST) Updated:Mon, 21 Apr 2014 08:01 PM (IST)
एडीए की कार्रवाई का किया विरोध

जागरण संवाददाता, इलाहाबाद : एडीए ने सोमवार को सलोरी क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। अधिकारियों ने चार अवैध निर्माणों को सील किया और मजदूरों को हटाते हुए निर्माण सामग्रियां जब्त कीं। वहीं अगली जगह की जा रही कार्रवाई का महिलाओं और बच्चों ने विरोध किया। सरकारी काम में बाधा डालने और सील तोड़ने के कारण उनके खिलाफ शिवकुटी थाने में तहरीर दी गई।

एडीए के अधिकारी प्रवर्तन दल के साथ चांदपुर सलोरी पहुंचे। वहां प्रथम तल पर करीब 50 गुणे 30 फीट के क्षेत्रफल में अवैध निर्माण हो रहा था। कुछ दूर पर 12 गुणे 10 फीट, करीब 50 गुणे 18 फीट और 40 गुणे 65 फीट के क्षेत्रफल पर भी अवैध निर्माण किया जा रहा था। इन सभी निर्माणों को सील किया गया। वहीं, सलोरी में सीलबंद 11 गुणे 15 के क्षेत्रफल में रविवार की रात में स्लैब डाला गया था। अधिकारियों ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की तो महिलाएं एवं बच्चे विरोध में उतर आए। इसके चलते ध्वस्तीकरण कार्रवाई नहीं हो सकी। कार्रवाई की अगुवाई कर रहे जोनल अधिकारी आलोक पांडेय ने शिवकुटी थाने में इस मामले में तहरीर दी। अभियान में क्षेत्रीय अवर अभियंता पीके गुप्ता, भवन निरीक्षक प्रवेंद्र जायसवाल आदि शामिल थे।

chat bot
आपका साथी