अलीगढ़ में बढ़ रहा कोरोना का खतरा, एक साथ 38 संक्रमित मिले

पिछले कई महीनों में यह संख्या सबसे अधिक है। जिले में 173 सक्रिय मरीज हो गए हैं। सरकार ने 500 से अधिक सक्रिय मरीज होने पर नाइट क‌र्फ्यू लगाने के आदेश दिए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 10 Apr 2021 01:44 AM (IST) Updated:Sat, 10 Apr 2021 01:44 AM (IST)
अलीगढ़ में बढ़ रहा कोरोना का खतरा, एक साथ 38 संक्रमित मिले
अलीगढ़ में बढ़ रहा कोरोना का खतरा, एक साथ 38 संक्रमित मिले

जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : लापरवाही के चलते कोरोना का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है। शुक्रवार को जिले में एक साथ 38 संक्रमित मिले। पिछले कई महीनों में यह संख्या सबसे अधिक है। जिले में 173 सक्रिय मरीज हो गए हैं। सरकार ने 500 से अधिक सक्रिय मरीज होने पर नाइट क‌र्फ्यू लगाने के आदेश दिए हैं। बढ़ते मामले पर डीएम चंद्रभूषण सिंह ने पुलिस-प्रशासन को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगे। पुलिस भी अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करेगी। डीएम ने बताया कि शुक्रवार को 23 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए।

30 मई तक बढ़ाई गई धारा 144

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते प्रशासन ने शहर में लागू धारा 144 को 30 मई तक बढ़ा दिया है। एडीएम सिटी ने बताया कि 13 अप्रैल को चेटीचंड जयंती, 14 को डा. भीमराव अंबेडकर जन्मदिवस, 17 को चंद्रशेखर जयंती, 21 को रामनवमी, 25 को महावीर जयंती, 07 मई को जमात-उल-विदा (अलविदा)/रमजान का अंतिम शुक्रवार, 09 को लोकनायक महाराणा प्रताप जयंती, 14 को परशुराम जयंती व ईद-उल-फितर, 26 को बुद्ध पूर्णिमा है। बोर्ड परीक्षा व पंचायत चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने वाली हैं।

.......

शादी समारोह के लिए

नहीं लेनी होगी अनुमति

जासं, अलीगढ़ : शादी समारोह की तैयारियों में जुटे लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। किसी भी शादी समारोह के लिए प्रशासन की अनुमति नहीं लेनी होगी। आयोजक को आयोजन स्थल से संबंधित थाने में सूचना देनी होगी। जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। अब भी अधिकतम 100 लोग ही शादी समारोह में शामिल हो सकेंगे। एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणि ने बताया कि शादी समारोह के लिए प्रशासनिक अनुमति लेनी की जरूरत नहीं है, लेकिन कोरोना नियम पहले की तरह की लागू रहेंगे। सभी से अपील है मास्क व सैनिटाइजर कर प्रयोग करें। कार्यक्रमों में शारीरिक दूरी बनाए रखें। शहर का अगर कोई मैरिज होम, लान हाटस्पाट कंटेनमेंट जोन में आता है तो वहां पर आयोजन नहीं होंगे। अधिक केस मिलने पर संबंधित क्षेत्र को हाटस्पाट घोषित किया जाता है। शादी समारोह में अगर कोई विदेश अन्य गैर राज्य से आ रहा है तो उसकी जांच जरूर कराएं। कंट्रोल रूम में सूचना दें, यहां तत्काल जांच कराई जाएगी। शहर के सभी मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्रों में भ्रमण करते रहें।

chat bot
आपका साथी