UP Assembly Election 2022 : महंगाई को विपक्ष ने बनाया मुद्​दा, भाजपा ऐसे निकाल रही तोड़ Aligarh news

प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही महंगाई भी सातवें आसमान पर पहुंच गई है इसे लेकर विपक्ष घेरने की तैयारी में लग गया है। विपक्ष ने महंगाई को प्रमुख मुद्​दा बना लिया है। भाजपा इससे निकलने का रास्ता ढूंढ रही है।

By Anil KushwahaEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 06:00 AM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 07:46 AM (IST)
UP Assembly Election 2022 : महंगाई को विपक्ष ने बनाया मुद्​दा, भाजपा ऐसे निकाल रही तोड़  Aligarh news
प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही महंगाई भी सातवें आसमान पर पहुंच गई है,।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही महंगाई भी सातवें आसमान पर पहुंच गई है, इसे लेकर विपक्ष घेरने की तैयारी में लग गया है। विपक्ष ने महंगाई को प्रमुख मुद्​दा बना लिया है। भाजपा इससे निकलने का रास्ता ढूंढ रही है। पेट्रोलियम पदार्थ की कीमतें बढ़ने के कारण का भी रास्ता निकाल लिया है। अब भाजपा के प्रदेश और केंद्र के नेता विपक्ष पर हमला बोल रहे हैं वहीं जिले के नेताओं ने भी मोर्चा खोल लिया है। वह भी विपक्ष को आइना दिखा रहे हैं। खासकर कांग्रेस पर हमला कर रहे हैं।

दीपावली के बाद चुनावी रंगत में आएगी बहार

प्रदेश चुनावी मूड में बस आने वाला है। दीपावली के बाद से सभी दल चुनावी रंग में रंग जाएंगे। इस बार का चुनाव सबसे अहम होने वाला है। करीब 18 साल बाद सत्ता में वापस आने वाली भाजपा लगातार दोबारा प्रदेश में सरकार बनाने के लिए जी-तोड़ कोशिश कर रही है। पूरा संगठन चुनाव की तैयारियों में जुट गया है। वहीं, सपा एक बार फिर से सत्ता में आने की कोशिश में है। अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बनने की जुगत में हैं, इसलिए उन्होंने पूरी ताकत झोंक दी है। वहीं, पहली बार ऐसा हो रहा है जब प्रियंका गांधी ने स्वयं यूपी की कमान संभाली है। वह सड़क से लेकर लखनऊ तक मेहनत कर रही हैं। प्रदेश में कोई भी मामला हो जाता है वो तुरंत उसे लपकने की कोशिश करती हैं, जबकि इससे पहले के विधानसभा चुनाव में प्रियंका वाड्रा इतनी दमदारी से मैदान में नहीं आईं। अधिकतर वह रायबरेली और अमेठी में केंद्रित रहती थीं, मगर इस बार पूरे प्रदेश के चुनाव की कमान उन्होंने संभाल ली है, इससे उनके तेवर तल्ख नजर आ रहे हैं। अन्य छोटे दल भी चुनाव में शिद्​दत से जुट गए हैं। ऐसे में सभी विपक्षी दल भाजपा को घेरने की तैयारी में हैं। कोई मौका आता है तो उसे लपकने में देरी नहीं करते हैं। इस समय विपक्ष को सबसे बड़ा मुद्​दा महंगाई का मिल गया है।

कांग्रेस ने महंगाई पर किया करारा वार

कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश के प्रभारी विवेक बंसल महंगाई पर करारा वार कर रहे हैं, उनका कहना है कि महंगाई से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। सिर्फ जुमलेबाजी से सरकार नहीं चलती है, जनता की समस्याओं का भी निस्तारण करना चाहिए। वहीं, विपक्ष भाजपा के पुराने समय के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर रहा है, ये वीडियो ऐसे हैं जब भाजपा नेता महंगाई के विराेध में खुलकर बोलते थे। इन वीडियो के माध्यम से भाजपा नेताओं को नसीहत देने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, भाजपा ने इसपर करारा जवाब देना शुरू कर दिया है, पिछली सरकारों की पोल खोलने शुरू कर दी है।

ओपेक है जिम्मेदार

भाजपा ने पेट्रोलियम पदार्थाें के दाम बढ़ने को लेकर ओपेक को जिम्मेदार ठहराया है। अभी हाल में अलीगढ़ आए केंद्रीय भारी उद्योग राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि ओपेक देशों में ईरान, दुबई, इराक आदि देश एकजुट हो जाते हैं, जो पेट्रोलियम पदार्थ को लेकर मोनोपाली बना लेते हैं। इस समय ओपेक देश यही कर रहे हैं, जिसके चलते पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ाेत्तरी हुई है। हालांकि, सरकार ने इसका रास्ता निकालने का काम किया है। अर्जुन राम मेघवाल का कहना है कि मोदी सरकार ने इन वर्षों में तेजी से बैटरी के वाहनों को प्रोत्साहित किया है। इनका निर्माण भी तेजी से चल रहा है। स्कूटी, कार आदि बाजार में आने लगी हैं। इससे पेट्रोल और डीजल की खपत कम होगी। साथ ही अतिरिक्त ऊर्जा के स्रोतों पर भी ध्यान दिया गया है। सौर ऊर्जा को विशेष तौर पर सशक्त किया गया है, इसका लाभ मिल रहा है, जल्द ही हम ऊर्जा के क्षेत्र में मजबूत होंगे। आने वाले दिनों में कतई पेट्रोलियम पदार्थों के दाम को नहीं बढ़ने देंगे।

कांग्रेस ने नहीं दिया ध्यान

वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राज्य में तो महंगाई से जनता की कमर टूट जाया करती थी, आज ऐसा नहीं है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने देश को सशक्त बनाने का काम किया है, हर एक जगह पर उनकी नजर रहती है। इसलिए विपक्ष को बोलने का कोई अधिकार नहीं है। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने बताया कि देश की कमर तोड़ने का काम कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस ने शासनकाल में जनता बदहाल थी, आज जब देश तरक्की के रास्ते पर बढ़ रहा है तो कांग्रेस विरोध प्रदर्शन को उतर रही है। पीएम नरेन्द्र मोदी ने भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का काम किया है। पहले भारत के पीएम विदेशों में जाते थे तो कोई तव्वजो नहीं दी जाती थी, मगर अब उन्हें पूरा सम्मान दिया जाता है। इसे भी कांग्रेस को देखना चाहिए।

chat bot
आपका साथी