अलीगढ़ में पुलिस ने जिला पंचायत अध्यक्ष की सपा प्रत्याशी के पति को कलक्ट्रेट में घुसने से रोका, नारेबाजी

जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सपा प्रत्याशी अर्चना यादव के जुलूस में समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 27 Jun 2021 01:39 AM (IST) Updated:Sun, 27 Jun 2021 01:39 AM (IST)
अलीगढ़ में पुलिस ने जिला पंचायत अध्यक्ष की सपा प्रत्याशी के पति को कलक्ट्रेट में घुसने से रोका, नारेबाजी
अलीगढ़ में पुलिस ने जिला पंचायत अध्यक्ष की सपा प्रत्याशी के पति को कलक्ट्रेट में घुसने से रोका, नारेबाजी

जासं, अलीगढ़ : जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सपा प्रत्याशी अर्चना यादव के जुलूस में समर्थकों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। क्वार्सी स्थित सपा कार्यालय से जुलूस के साथ कार्यकर्ता तस्वीर महल चौराहे पर पहुंचे। उत्साह में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। चौराहे पर पुलिस ने गाड़ियों के काफिले को रोक लिया। कार्यकर्ता पैदल कलक्ट्रेट पहुंचे। भारी संख्या में कार्यकर्ता अंदर जाने लगे तो पुलिस ने रोक लिया। यहां तक प्रत्याशी अर्चना यादव के पति संजय यादव को भी अंदर नहीं जाने दिया गया। गुस्साए सपाई नारेबाजी करने लगे। तभी भाजपा नेता एवं पूर्व मेयर शकुंतला भारती पहुंच गईं। उन्हें भी पहले रोक दिया गया, इस पर वो पुलिसकर्मियों पर बरस पड़ीं। उन्हें मेनगेट से अंदर जाने दिया। यह देख समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर दी। संजय यादव को अंदर जाने दिया गया, करीब 40 मिनट बाद वो अंदर जा सके। उनके साथ जिलाध्यक्ष गिरीश यादव, पूर्व विधायक जमीर उल्लाह, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक यादव, जिला महासचिव मुकेश माहेश्वरी, मनोज यादव, मुंतजिम किदवई, महिला सभा की अध्यक्ष गुलिस्ताना, जिला उपाध्यक्ष रत्नाकर पांडेय, वरिष्ठ नेता मनोज चौधरी, रंजीत चौधरी, सुरेंद्र सिंह नायक, आइपी कश्यप, नरेशपाल, रामबाबू तोमर भी थे। इस दौरान काफी देकर धक्का-मुक्की के हालात बने रहे। पुलिस व्यवस्था ठीक-ठाक होने की वजह से किसी भी तरह से शांति व्यवस्था भंग नहीं हो सकी। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए नामांकन होने पर पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। अब मतदान वाले दिन तीन जुलाई को भी प्रशासन को ऐसे ही सुरक्षा इंतजाम करने होंगे।

chat bot
आपका साथी