कृषि बिल के खिलाफ कांग्रेस ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

हस्ताक्षर अभियान की जिले में बुधवार को शुरुआत कोल लोधा ब्लॉक के गांव मईनाथ से हुई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 02:04 AM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 02:40 AM (IST)
कृषि बिल के खिलाफ कांग्रेस ने चलाया हस्ताक्षर अभियान
कृषि बिल के खिलाफ कांग्रेस ने चलाया हस्ताक्षर अभियान

जासं, अलीगढ़ : संसद में पारित कृषि बिल के खिलाफ कांग्रेस ने हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। जिले में बुधवार को इसकी शुरुआत कोल लोधा ब्लॉक के गांव मईनाथ से हुई। पूर्व विधायक विवेक बंसल के नेतृत्व में यहां किसानों की पंचायत हुई। बंसल ने कहा कि कांग्रेस फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने, किसानों की फसल बिक्री के समय कटने वाले कर्जा व कुर्की को खत्म करने के लिए अभियान चला रही है, जो 15 नवंबर तक चलेगी। इसमें देशभर के दो करोड़ से अधिक किसानों के हस्ताक्षर कराए जाने हैं। वर्तमान सरकार किसान विरोधी है। छोटा किसान इन बातों से अनभिज्ञ है कि सरकार की किस नीति के कारण उसका शोषण हो रहा है। सरकार के चहेते उद्योगपति अदानी और अंबानी किसानों को लूट रहे हैं। पार्टी नेता राहुल व कांग्रेस ने बीड़ा उठाया है कि किसानों को शोषण नहीं होना चाहिए। किसान कांग्रेस के पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ. अनिल चौधरी ने भी किसानों को सरकार की कुटिल नीतियों से बचने का आह्वान किया। सैकड़ों किसानों से बिल के खिलाफ हस्ताक्षर किए। महिला कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष तनुजा देशराजन, पूर्व प्रत्याशी मधुकर शर्मा, राकेश देशराजन, ठा. विनेश कुमार सिंह, पुरुषोत्तम शर्मा, अजय बघेल, डॉ. साहब सिंह कुशवाहा, सोमवीर सिंह, रामवीर सिंह, यति पंडित, अवधेश शर्मा, संतोष कुमार मौजूद रहे।

प्रदर्शन आज : धान क्रय केंद्रों पर किसानों की फसल से कटौती के खिलाफ गुरुवार को कलक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी मुकेश धनगर भी उपस्थित रहेंगे।

chat bot
आपका साथी