गोली लगते ही लहूलुहान हुआ गांधी का पुतला, आश्चर्य में पड़ गए सब

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शहर का माहौल गांधी और नाथुराम गोडसे को लेकर गर्माया रहा।

By Edited By: Publish:Thu, 31 Jan 2019 02:00 PM (IST) Updated:Thu, 31 Jan 2019 02:03 PM (IST)
गोली लगते ही लहूलुहान हुआ गांधी का पुतला, आश्चर्य में पड़ गए सब
गोली लगते ही लहूलुहान हुआ गांधी का पुतला, आश्चर्य में पड़ गए सब

अलीगढ़ (जेएनएन)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शहर का माहौल गांधी और नाथुराम गोडसे को लेकर गर्माया रहा। एक तरफ अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. पूजा शकुन पांडेय ने गांधी के पुतले को तीन गोलियां मारकर उनकी हत्या के सीन को दोहराया। वहीं एएमयू में छात्रों ने गोडसे के पुतले को जलाते हुए आरएसएस मुर्दाबाद के नारे लगाए। गांधी की हत्या का सीन दोहराने के मामले में पुलिस ने 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें से पूजा शकुन पांडेय के भतीजे अभिषेक व सुरेंद्र नगर निवासी मनोज को पुलिस ने देर शाम को कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया।

सोया रहा खुफिया तंत्र
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर अखिल भारत हिंदू महासभा ने करीब सवा घंटे शौर्य दिवस मनाया। इस बीच गांधी का खुले आम विरोध और फिर उनके पुतले को तीन कृत्रिम गोली मार कर पुलिस के खुफिया तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए। खास बात यह रही कि गोली लगने के बाद पुतले से खून जैसा लाल रंग निकलता रहा। किसी भी अधिकारियों को उनके प्रदर्शन की खबर तक न हो सकी और जब हुई तो काफी देर हो चुकी थी।

विरोध की पहले से थी तैयारी
गांधी के विरोध की तैयारी पहले से थी। दोपहर करीब 12 बजे महासचिव की राष्ट्रीय सचिव डॉ. पूजा शकुन पांडेय समेत वरिष्ठ पदाधिकारी व अन्य कार्यकर्ता नौरंगाबाद में बी दास कंपाउंड स्थित उनके कैंप कार्यालय पर जुटने शुरू हो गए। कुछ ने गेरुए वस्त्र पहने हुए थे तो कुछ ने गले में ऐसे ही रंग के पटके डाले हुए थे। कार्यकर्ता करीब साढ़े चार फुट का पुतला सड़क पर लेकर पहुंचे, जिस पर महात्मा गांधी के चित्र वाला पोस्टर लपेटा गया था। करीब 12.50 मिनट पर डॉ. पूजा शकुन टॉय पिस्टल लेकर प्रकट हुईं। आसपास खड़े कार्यकर्ताओं ने 'रामनाम सत है, गांधी तू मत है', गांधी मुर्दाबाद, महात्मा नाथूराम गोडसे अमर रहे के नारे लगाने शुरू कर दिए।

सड़क पर बहता रहा खून जैसा लाल रंग
नारों के बीच पूजा शकुन पांडेय ने एक के बाद एक, राष्ट्रपिता के पुतले पर तीन फायर किए। एक फायर से पुतले के अंदर रखी लाल रंग के पानी की थैली भी फूट गई, जिससे वह सड़क बहता नजर आया। इसके बाद  गांधी के पुतले पर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। यह हाईवोल्टेज ड्रामा करीब सवा घंटे तक चला। इसके बाद गोडसे को श्रद्धांजलि दी गई।

बापू हम शर्मिंदा हैं...
'दे दी हमें आजादी बिना खड़क बिना ढाल, साबरमती के संत तूने कर दिया कमाल' इन पंक्तियों को सुनते ही राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति हृदय में भावनाओं का अगाध ज्वार बहने लगता है। श्रद्धा स्वत: उमडऩे लगती है। ऐसी महान विभूति के पुतले पर फायरिंग करते समय मदू महासभा के नेता व कार्यकर्ता अट्टहास करते नजर आए। यह दृश्य आसपास के लोगों ने भी देखा, मगर कोई विवाद बढऩे के डर से बोला नहीं।

गांधी ने देश को धोखा दिया : डॉ पूजा
शौर्य दिवस मनाते समय अखिल भारत ङ्क्षहदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव व कथित हिंदू कोर्ट की प्रथम जज डॉ. पूजा शकुन पांडेय ने कहा कि नाथूराम गोडसे ने आज के दिन देश को टुकड़ों में बांटने वाले गांधीजी का तीन गोलियां मारकर वध किया। गांधीजी ने मुस्लिम तुष्टिकरण के तहत देश को धोखा दिया। 10 लाख ङ्क्षहदुओं का कत्ल हुआ। बंटवारे के साथ पाकिस्तान को 55 लाख रुपये और दिला दिए। नाथूराम भारत मां के सच्चे सपूत थे। कौन बेटा है, जो अपनी मां के टुकड़े होते देखता। युवाओं को सत्य से परिचित कराने व प्रेरणा देने के लिए उस घटना को पुन: दोहराया गया।

पुलिस ने दी दबिश, पूजा शकुन हुईं भूमिगत
पूजा शकुन पांडेय भूमिगत हो गई हैं। पुलिस ने दो बार उनके आवास पर दबिश दी लेकिन नहीं मिलीं। पूजा शकुन जमानत कराने की तैयारी में लग गई हैं। अखिल भारतीय ङ्क्षहदू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक पांडेय ने कहा है कि हमने कुछ गलत नहीं किया। जिस तरह हर साल बुराई पर अच्छाई की जीत के लिए रावण का दहन होता है उसी तरह गांधी का वध भी होना चाहिए।

एएमयू छात्र नेता ने की निंदा
एएमयू छात्र नेता ओबैदुल्लाह ने  गांधी के पुतले को  गोली मारने की निंदा की है। कहा है गांधी की हत्या का जश्न मनाया गलत है।  देश का पहला आतंकवादी गोडसे था, जिसने गांधी की हत्या की थी। गोडसे की मानसिकता रखने वाले सभी लोगों का इसी तरह से विरोध किया जाएगा। गांधी की मानसिकता का हमेशा सपोर्ट किया जाएगा। गोडसे की सोच रखने वाले सभी लोगों पर देश में प्रतिबंध लगना चाहिए।

कार्रवाई की मांग
सपा के जिला कार्यकारिणी सदस्य आशीष सौखिया ने कहा कि राष्ट्रपिता के पुतले का अपमान राष्ट्र द्रोह की श्रेणी में आने वाला कृत्य है। ऐसे राष्टद्रोही लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

भाजपा के वायदे पूरे नहीं हुए
सपा के जिलाध्यक्ष अशोक यादव का कहना है कि राष्ट्रपिता का अपमान राष्ट्र का अपमान है। यह भाजपा व उनके सहयोगियों की सोची समझी चाल है। लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जो वायदे किए थे, उन्हें पूरा करने विफल रही है। अब ध्यान बंटाकर देश को दंगे की आग में झोंकना चाहते हैं।

बेहद निंदनीय
बसपा के जिलाध्यक्ष तिलकराज यादव का कहना है कि बेहद घिनौना कृत्य है। दिवंगत व्यक्ति के पुतले पर गोली चलाना व उसे जलाना बेहद निंदनीय है। ऐसे लोग समाज का क्या भला करेंगे? भाजपा जिलाध्यक्ष ठा.गोपाल सिंह का कहना है कि ऐसा कोई संगठन है, मेरे संज्ञान में नहीं है। क्योंकि, यह मेरे संगठन से जुड़ा मामला नहीं है, इसलिए कोई बयान नहीं दे सकता।

गांधी को दुनिया ने माना
कांग्रेस के पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह का कहना है कि यह प्रकरण मेरे संज्ञान में नहीं है। ऐसा जिसने भी किया है वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठा है। बापू को देश ने ही नहीं दुनिया ने राष्ट्रपिता माना है। उनके विचारों का पूरी दुनिया ने अनुशरण किया है।

chat bot
आपका साथी