अलीगढ़ में चंद्र दर्शन कर दिया अर्घ्य, सुख-समृद्धि की कामना
श्रद्धा के साथ मनाया गया करवा चौथ पर्व महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत रात में दर्शन कर ग्रहण किया प्रसाद जमकर आतिशबाजी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़ : करवा चौथ का पर्व रविवार को पूरी श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुहागिनों ने सुबह से निर्जला व्रत रखा। शाम होते ही पूजन की तैयारियों में जुट गईं। सात बजे से पूजन शुरू कर दिया। आंगन और छतों पर रंगोली सजाई गई। रात 8:10 बजे के करीब चंद्र दर्शन किया और अर्घ्य दिया। पति को छलनी से निहारा और उनके हाथों से जल ग्रहण किया। पति के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसी के साथ पूरा शहर आतिशबाजी से गूंज उठा। ऐसा लगा कि मानो दीपावली हो। देररात तक आतिशबाजी होती रही। बच्चों में उत्साह जबर्दस्त था।
करवा चौथ पर रविवार को सुबह सुहागिनों ने पूजन कर निर्जला व्रत का संकल्प लिया। मंदिर में आरती की। शाम को पूजन की तैयारियों में जुट गईं। शाम होते ही हर किसी को चंद्रमा के दर्शन की प्रतीक्षा थी। शाम पांच बजे से पूजन की थाल तैयार की जाने लगी। सोलह श्रृंगार कर सुहागिन महिलाएं पूजन की तैयारियों में जुटी थीं। अंधेरा होते ही वे छत और आंगन में पहुंच गईं। बेसब्री के बीच चंद्रमा ने भी कुछ अठखेलियां खेलीं। दिनभर निर्जला व्रत रखीं महिलाओं को इंतजार कराया। बादलों के घेरे ने प्रतीक्षा कराई। 7:51 बजे चंद्रमा के निकलने का समय था। बच्चों को छतों पर भेजकर चंद्रमा निकलने की जानकारी ले रही थीं। महिलाएं भी छतों पर पहुंचकर आसमान की ओर निहार रही थीं। 8:18 बजे चंद्रमा पूरी तरह से नजर आया। चंद्रमा के निकलने पर महिलाओं के चेहरे की खुशी देखते ही बन रगही थी। दीपक लेकर चंद्रमा की आरती को आतुर हो गईं। दर्शन करके परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। पति को छलनी से निहारा और आरती उतारी। पति ने जल ग्रहण कराया। महिलाओं ने पांव छूकर आशीर्वाद लिया। नवविवाहिताओं में खास उत्साह था।
पंजाबी समाज ने भी मनाया पर्व
शहर में पंजाबी समाज ने भी उत्साह के साथ करवा चौथ का पर्व मनाया। जिन परिवारों में नवविवाहिताएं थीं, उन्होंने खास आयोजन किया। महावीर पार्क में योगिता गांधी और आशना दुआ की पहली करवा चौथ थी। इनके घरों पर थाल पूजन का आयोजन किया गया था। महिलाओं ने पंजाबी गीत गाए। देवी मइया के गीत गाकर भी मंगल कामनाएं कीं। ज्योति भाटिया, पूजा उप्पल, स्नेहा, भारती, कीर्ति डांगुर, केसर गुप्ता, शिवांगी गांधी, कोमल अरोड़ा आदि मौजूद थीं। अनिल चावला के घर पर मीनल चावला के पहले करवा चौथ को महिलाओं ने मनाया। आकर्षक चौकी सजाई गई। थाल में पूजन का सामान रखा गया। गीत गाए गए। यहां अनीता चावला, हर्षा अरोडा़, बेला सेठी, रानी सेठी, मनीत छावड़ा, सुप्रीत छावड़ा, सुप्रिया अरोड़ा शामिल थीं।
आतिशबाजी से गूंजा शहर
चंद्र दर्शन के साथ ही शहर में आतिशबाजी हुई। पूरा शहर पटाखों से गूंज उठा। बच्चों ने खूब पटाखे जलाए। ऐसा लग रहा था कि दीपावली हो। तमाम लोगों ने तो घरों पर झालरें और लाइटें लगा रखी थीं।