अलीगढ़ में अखिल भारतीय महिला हॉकी प्रतियोगिता शुरू, देशभर की दस टीम भाग लेंगी

डीएस कॉलेज में आज से अखिल भारतीय आमंत्रण महिला हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई। प्रदेश सरकार के वित्त राज्यमंत्री राजेश अग्रवाल उद्घाटन किया।

By Edited By: Publish:Sun, 21 Oct 2018 09:30 AM (IST) Updated:Sun, 21 Oct 2018 12:32 PM (IST)
अलीगढ़ में अखिल भारतीय महिला हॉकी प्रतियोगिता शुरू, देशभर की दस टीम भाग लेंगी
अलीगढ़ में अखिल भारतीय महिला हॉकी प्रतियोगिता शुरू, देशभर की दस टीम भाग लेंगी

अलीगढ़ (जेएनएन)। डीएस कॉलेज में आज से अखिल भारतीय आमंत्रण महिला हॉकी प्रतियोगिता शुरू हो गई। प्रदेश सरकार के वित्त राज्यमंत्री राजेश अग्रवाल उद्घाटन किया। चार दिवसीय टूर्नामेंट में देशभर की 10 टीमें भाग लेंगी। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 51 हजार रुपये का पुरुस्कार दिया जाएगा। उपविजेता को 31 हजार व तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को ट्रॉफी के साथ 21 हजार मिलेंगे। यह पहला मौका है, जब जिले में महिलाओं का इतना टूर्नामेंट हो रहा है।

अर्जुन अवार्ड से सम्मानित अशोक ध्यानचंद ने ट्रॉफी का अनावरण किया
कॉलेज के सभागार में टूर्नामेंट की ट्रॉफी का अनावरण किया गया। अनावरण मेजर ध्यानचंद के बेटे व अर्जुन अवार्ड से सम्मानित अशोक ध्यानचंद ने दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी नवीन सिंह पटेल व अन्य अतिथियों के साथ किया।

महिलाओं को मिले प्रतिनिधित्व
मेजर ध्यानचंद के पुत्र अशोक ध्यानचंद ने कहा कि हॉकी के क्षेत्र में अलीगढ़ का सुनहरा इतिहास रहा है। यहां से ओलंपियन जफर इकबाल जैसे खिलाड़ी निकले हैं। यह टूर्नामेंट भी ऐतिहासिक होगा। महिलाओं को हॉकी में पूरा प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। डीएस कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेश नंदन अग्रवाल ने कहा कि प्रतियोगिता से खिलाडिय़ों की प्रतिभा में निखार आएगा। सचिव राजीव अग्रवाल ने कहा कि यह पहला मौका है, जब अलीगढ़ में महिला हॉकी का इतना बड़ा टूर्नामेंट हो रहा है।

नए नियमों से होगा टूर्नामेंट
आयोजन कमेटी के सचिव डॉ. अजय कुमार ने कहा कि टूर्नामेंट हॉकी के नए नियमों से होगा। तीनों विजेता टीमों को सम्मानित करने के साथ टूर्नामेंट के टॉप पांच खिलाड़ी भी सम्मानित होंगे। एनआइएस के पूर्व कोच डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि यह टूर्नामेंट बेटी बचाओ-बेटी खिलाओ अभियान की शुरुआत करेगा। इस मौके पर क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी नसरीन रिजवी, कुमकुम, शमसाद निसार आजमी, यासीन शम्स आदि मौजूद रहे।

ये टीमें करेंगी शिरकत
डीएस कॉलेज अलीगढ़, कोलकाता, एमपी एकेडमी, लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद, नॉर्दन रेलवे, गोरखपुर, उत्तराखंड व हरियाणा समेत दस टीम शामिल होंगी। प्रतियोगिता में सभी नॉक आउट मुकाबले होंगे। लीग मैच 30 मिनट व सेमीफाइनल-फाइनल मुकाबले 35 मिनट के होंगे।

chat bot
आपका साथी