हाईवे पर अनियंत्रित होकर कार पलटी, चार घायल

गभाना थाना क्षेत्र में हाईवे महरावल पुल के पास गुरुवार देर रात एटा से गाजियाबाद जा रही कार पलट गई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 28 Nov 2020 12:58 AM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2020 12:58 AM (IST)
हाईवे पर अनियंत्रित होकर  कार पलटी, चार घायल
हाईवे पर अनियंत्रित होकर कार पलटी, चार घायल

अलीगढ़: गभाना थाना क्षेत्र में हाईवे महरावल पुल के पास गुरुवार देर रात एटा से गाजियाबाद जा रही कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए।

एटा के दिनेश नगर निवासी मोहित मिश्रा गुरुवार रात अपने साथी शिवम चौहान, राहुल मृदगल निवासी शांतिनगर (एटा) व विशाल वर्मा सिधौली रोड, एटा के साथ स्विफ्ट कार से गाजियाबाद जा रहे थे। तभी हाईवे महरावल पुल के पास किसी वाहन को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर पलटती हुई सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इलाका पुलिस ने कार में फंसे चारों लोगों को बाहर निकला और भांकरी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

गैस सिलेंडर से भरा ट्रक पलटा, पांच घायल : हाईवे ओवरब्रिज पर गुरुवार रात गैस सिलेंडर से भरा ट्रक स्टेयरिग फेल होने के चलते अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक गैस के खाली सिलेंडर लेकर एटा से गाजियाबाद जा रहा था। इसी बीच ट्रक चालक ने अलीगढ़ से कुछ सवारियों को ट्रक में बिठा लिया। तभी हाईवे ओवरब्रिज पर अचानक से स्टेयरिग फेल हो गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रक चालक हरि विलास निवासी मगथरा, थाना सिढ़पुरा, कासगंज, सवारी चरन सिंह, मयंक कुमार, ललित कुमार व जयवीर सिंह निवासी केशूपुरा, बुलंदशहर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को टोल प्लाजा की एंबुलेंस की मदद से कस्बे के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। गनीमत रही कि ट्रक में गैस सिलेंडर खाली थे, वरना गंभीर हादसा भी हो सकता था। वहीं, एक अन्य हादसा शुक्रवार तड़के हाईवे पर भरतरी गांव के पास हुआ। यहां अलीगढ़ से बुलंदशहर जा रहा कैंटर आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गया। हादसे में कैंटर चालक गुलनवाज निवासी गंगावली (बुलंदशहर) घायल हो गया, जिसे पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

लोडर की टक्कर से बाइक सवार घायल : बरला में बहन की शादी के कार्ड बांटकर जा रहे सादाबाद (हाथरस)के बाइक सवार दो युवकों में मैक्स ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

सादाबाद के रूप सिंह की बहन की शादी 30 नवंबर की है। वह अपने दोस्त नेकसे के साथ गुरुवार की देर शाम बरला में अपनी मौसी रीना पत्‍‌नी केहर सिंह के घर पर कार्ड देने आया था और रात को वहीं रुक गया। शुक्रवार की तड़के सुबह दोनों वापस सादाबाद जा रहे थे। जैसे ही वह बरला के गांव दतावली मोड़ के निकट पहुंचे तभी कच्ची ईट लेकर आ रहे लोडर (मैक्स) ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। हालत बिगड़ती देख सूचना पर पहुंची पुलिस ने अलीगढ़ मेडिकल भेजा है। वहीं चालक मैक्स को छोड़कर फरार हो गया।

chat bot
आपका साथी