अलीगढ़ में 46 लाख के घोटाले में शाहगढ़ का प्रधान बर्खास्त

ग्राम पंचायत में विकास कार्यों व शौचालय निर्माण के नाम पर 46 लाख रुपये का घोटाला करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।

By Mukesh ChaturvediEdited By: Publish:Tue, 15 Jan 2019 12:36 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jan 2019 12:36 PM (IST)
अलीगढ़ में 46 लाख के घोटाले में शाहगढ़ का प्रधान बर्खास्त
अलीगढ़ में 46 लाख के घोटाले में शाहगढ़ का प्रधान बर्खास्त

अलीगढ़ (जेएनएन)।  शाहगढ़ के प्रधान तिलक सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है। ग्राम पंचायत में विकास कार्यों व शौचालय निर्माण के नाम पर 46 लाख रुपये का घोटाला करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। नए प्रधान के लिए उपचुनाव कराया जाएगा। पंचायतराज विभाग ने इसके लिए निर्वाचन विभाग को सूचना भेज दी है। धनराशि की रिकवरी के लिए भी आदेश जारी किए गए हैैं।

शपथपत्र देकर की शिकायत

अकराबाद ब्लॉक की शाहगढ़ पंचायत में तिलक सिंह प्रधान हैं। डेढ़ साल पहले गांव के कुछ लोगों ने गांव में वित्तीय वर्ष 2016-17 व 2017-18 में हुए विकास कार्यों में फर्जीवाड़े की शपथपत्र देकर शिकायत की थी। डीएम ने जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक को जांच दी गई। उन्होंने तकनीकी टीम के साथ कई बार गांव का निरीक्षण किया। गांव वालों के बयान लिए। निर्माण कार्यों को देखा।

पांच महीने चली जांच

पांच महीने चली जांच में सामने आया कि दोनों वित्त वर्ष में प्रधान व तत्कालीन सचिव अजय कुमार संत ने आठ कामों के लिए पैसा निकाला, लेकिन मौके पर दो ही दिखे। कई काम ऐसे मिले, जो पहले हो चुके थे। उन्हें भी शामिल कर लिया गया था। एक काम के लिए दो बार पैसा निकाला गया। शौचालय निर्माण में भी लापरवाही बरती गई। कुल 46 लाख रुपये का घोटाला मिला।

डीएम को दी रिपोर्ट 

जांच अधिकारी ने प्रधान व सचिव को दोषी मानते हुए रिपोर्ट डीएम को सौंप दी। डीएम ने नोटिस जारी कर प्रधान से 15 दिन में जवाब मांगा। वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद फिर जांच कराई गई। इसमें भी प्रधान व सचिव को घोटाले का दोषी पाया गया। इस जांच की रिपोर्ट आते ही डीएम ने प्रधान को बर्खास्त कर दिया। पंचायत सचिव को निलंबित किया जा चुका है।

उपचुनाव के लिए भेजी रिपोर्ट

प्रधानी के उपचुनाव के लिए पंचायतराज विभाग ने निर्वाचन विभाग को रिपोर्ट भेज दी है। छह महीने के भीतर चुनाव कराने होंगे। फिलहाल पंचायत में विकास कार्य समिति करा रही है।

गुदमई मिश्रीपुर में भी उपचुनाव

फर्जीवाड़ा करने के आरोप में अकराबाद ब्लॉक के गुदमई मिश्रीपुर के प्रधान भी बर्खास्त हो चुके हैैं। वहां भी उपचुनाव कराए जाएंगे। इसके लिए भी निर्वाचन विभाग को सूचना भेज दी गई है। डीपीआरओ पारुल सिसौदिया ने बताया कि शाहगढ़ में 46 लाख रुपये के घोटाले की पुष्टि होने पर प्रधान को बर्खास्त किया गया है। अब पंचायत में उपचुनाव कराए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी