Crime Followup : बिना पानी के छोड़ा एक बीघा खेत, यहीं से खुला आरोपित का भेद Aligarh news
अकराबाद कांड में पुलिस की जांच में दो आरोपित शुरू से ही शक के दायरे में थे। लेकिन सुबूत कोई नहीं था। पुलिस की जांच में एक ऐसा महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया जिसने पूरे केस की राह खोल दी थी।
सुमित शर्मा, अलीगढ़ : अकराबाद कांड में पुलिस की जांच में दो आरोपित शुरू से ही शक के दायरे में थे। लेकिन, सुबूत कोई नहीं था। पुलिस की जांच में एक ऐसा महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया, जिसने पूरे केस की राह खोल दी थी। जिस किशोर पर पुलिस को शक था, उसके करीब पांच बीघा खेत में पानी लगाया गया था। लेकिन, एक बीघा खेती बिना पानी के थी। इससे प्रतीत हुआ कि आरोपित हड़बड़ी में बिना पानी लगाए भागा था। यहीं से आरोपित पर शक गहराया था। एसएसपी ने खुद कई बार आरोपित से पूछताछ की। जब उसके सामने तथ्य रखे गए, तब उसने जुर्म कबूला।
बड़ी चुनौती थी
अकराबाद के संवेदनशील केस में आरोपित को पकड़ने के साथ पुलिस ने सामने कानून व्यवस्था को बनाए रखना भी बड़ी चुनौती थी। ऐसे में एसएसपी ने पूरे जिले की टीम को जुटा दिया था। हर स्तर पर सूझबूझ दिखाई। खुद पूरे केस की मानिटरिंग की। पांच टीमें के करीब 25 पुलिसकर्मी गांव में डटे रहे थे। जबकि शहर के जयगंज में कोई हालात न बिगड़े, इसके लिए यहां के तीनो सीओ सक्रिय थे। 25 पुलिसकर्मियों की टीम दो दिन तक पूरे गांव की खाक छान डाली। निगराखी रखी कि कौन-कौन खेत पर आया था? पुलिस ने पीड़ित पक्ष, परिवार व गांव के करीब 100 से ज्यादा लोगों से अलग-अलग पूछताछ की। महिला पुलिसकर्मियों ने गांव की महिलाअों से सवाल-जवाब किए थे। इसमें ये स्पष्ट हुआ कि किशोरी अक्सर अपनी नानी के साथ घर से करीब सात मीटर दूर खेत पर जाती थी। रविवार को भी कुछ लोगों ने उसे मटर खाते हुए जाते देखा था। चूंकि वहां दूर-दूर तक सिर्फ गेहूं की फसलें ही दिखती हैं। कोई आता-जाता भी नहीं है। दो-चार लोग सिर्फ टहलने के लिए गए थे। सिर्फ वही दोनों किशोर पानी लगाने के लिए वहां मौजूद थे। इनमें 17 वर्षीय किशोर ने ट्राली से पानी लगाना शुरू किया, तभी किशोरी आ गई और उसने किशोरी को दबोच लिया। करीब 15 मिनट किशोरी ने संघर्ष भी किया। आरोपित ने अप्राकृतिक संबंध बनाने की कोशिश की। भारी प्रतिरोध के बीच उसकी हत्या कर दी। इसके बाद सुबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को दूसरे खेत में छोड़ा। तहस-नहस हुई फसल को आरोपित ठीक नहीं कर सकता था। ऐसे में हड़बड़ाहट में एक बीघा खेती में बिना लगाए ट्राली लेकर चला गया।
आकर नहाया और कस्बे में चला गया
आरोपित आठवीं कक्षा से ड्रापआउट है। पिता के साथ ही खेतीबाड़ी करता है। आरोपित ने बताया कि घटना के बाद चप्पलों को दूसरे खेत में फेंक दिया। दुपट्टा बंबा में बहा दिया। घर पर आकर नहाया और कस्बे में चला गया था। फिर रात में अपने घर लौटा था।
लगा था कि एक-दो दिन बाद मिलेगा शव
आरोपित ने पूछताछ में बताया कि शव को छिपाने के मकदस से घसीटकर दूसरे खेत में ले गया था। वहां कोई आता-जाता नहीं है तो लगा था कि एक-दो दिन शव मिलेगा ही नहीं। लगभग साढ़े 12 बजे आरोपित वहां से भाग आया था। करीब पांच घंटे शव पड़ा रहा। साढ़े पांच बजे शाम को लोगों को घटना का पता चला था।
एक से ज्यादा आरोपित होते तो दूर फेंक सकते थे शव
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मान रही थी कि घटना में एक से ज्यादा आरोपित शामिल हैं। लेकिन, एक आरोपित निकला तो पुलिस का माथा भी सनका। पुलिस का कहना है कि एक से ज्यादा आरोपित होते तो शव को उठाकर ज्यादा दूर फेंक सकते थे। इसमें एक आरोपित था, इसीलिए वह शव को थोड़ी दूर तक ही घसीट पाया।
अश्लील वीडियो के खिलाफ अभियान चलाएगी पुलिस
इस घटना ने समाज को शर्मसार कर दिया है। किशोरी पहले से आरोपित को जानती थी। इसलिए इंसानियत के नाते भरोसा करके वहां पानी पीने चली गई। लेकिन, एक वीडियो देखकर किशोर इतना उत्तेजित हो गया कि उसने एक किशोरी की हत्या तक कर डाली। अब इस तरह अश्लील वीडियो के खिलाफ पुलिस विशेष अभियान चलाएगी। पहले भी सरकार ने कई पोर्न वेबसाइट पर प्रतिबंध लगाया था। एसएसपी मुनिराज ने कहा कि जो लोग इस तरह के कंटेंट को बेचने का काम करते हैं। उन पर शिकंजा कसा जाएगा। साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाएगा।