पिलोना की मस्जिद से 16 जमाती समेत 18 लोग कब्जे में, गांव की सीमा सील Aligrah news

दिल्ली में निजामुद्दीन की जमात की चर्चाओं के बीच मंगलवार को जवां क्षेत्र के गांव पिलोना की मस्जिद से प्रशासन ने 16 जमातियों समेत 18 लोगों को कब्जे में लिया है।

By Sandeep SaxenaEdited By: Publish:Wed, 01 Apr 2020 09:51 AM (IST) Updated:Wed, 01 Apr 2020 03:00 PM (IST)
पिलोना की मस्जिद से 16 जमाती समेत  18 लोग कब्जे में, गांव की सीमा सील Aligrah news
पिलोना की मस्जिद से 16 जमाती समेत 18 लोग कब्जे में, गांव की सीमा सील Aligrah news

अलीगढ़ जेएनएन: दिल्ली में निजामुद्दीन की जमात की चर्चाओं के बीच मंगलवार को जवां क्षेत्र के गांव पिलोना की मस्जिद से प्रशासन ने 16 जमातियों समेत 18 लोगों को कब्जे में लिया है। ये सभी पुलिस निगरानी में 14 दिन तक क्वारंटाइन रहेंगे। पूरे गांव को सील कर दिया गया है। गांव के बाहर पुलिस तैनात है। सभी के आवागमन पर रोक रहेगी। मेडिकल जांच में किसी भी जमाती में कोई लक्षण नहीं मिला है। अन्य दो स्थानों पर भी 20 से अधिक जमाती लौटे थे, उन्हें भी क्वारंटाइन किया गया है।

पुलिस ने चलाया जांच अभियान

शासन के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने जिलेभर के सभी मदरसों में जांच अभियान चलाया। पुलिस को जानकारी मिली कि पिलोना गांव की मस्जिद में कुछ जमाती रुके हैं। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने एडीएम प्रशासन के साथ टीम को भेजा। टीम को मस्जिद में जाकर दिल्ली के 16 जमाती मिले। मौलवी समेत दो लोग भी इनके पास ठहरे थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। किसी में कोई लक्षण नहीं मिला। पूछताछ इन लोगो ने बताया कि वे दिल्ली के रहने वाले हैं। 25 फरवरी को दिल्ली के ईदगाह स्थित शाही कमान की जमात में शामिल हुए थे। यहां पर देश-विदेश से करीब 25 हजार लोग आए थे। 27 फरवरी को सभी ट्रेन से अलीगढ़ आ गए। यहां से शाहजमाल गए। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण किया। आठ मार्च को जवां चले गए। यहां दो मस्जिदों में गए। 17 मार्च के बाद से ही पिलौना की मस्जिद में हैैं। प्रशासन ने इन्हें मस्जिद में ही क्वारंटाइन कर दिया। सभी लोगों के खिलाफ धारा -188 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में दवा का छिड़काव कराया। सीओ तृतीय अनिल समानिया ने बताया कि मस्जिद के साथ ही पूरे गांव को क्वारंटाइन कर दिया गया है। पुलिस तैनात है। सभी के आवागमन पर रोक रहेगी। गांव में करीब एक हजार की आबादी है। 

प्रधान, चौकीदार ने नहीं दी सूचना

लॉकडाउन में सार्वजनिक स्थान पर चार से अधिक लोगों का ठहरना प्रतिबंधित है। यहां 18 लोग ठहरे थे। गांव के प्रधान व चौकीदार ने भी इसकी जानकारी नहीं दी। इन पर भी कार्रवाई की जा रही है। 

रिगसपुरी में चार आए बाराबंकी से

जवां क्षेत्र के रिगसपुरी गांव में भी सोमवार को चार लोग बाराबंकी की जमात से शामिल होकर लौटे हैं। प्रशासन ने इन सभी को गांव की मस्जिद में क्वारंटाइन कर दिया है। इनके परिवार वालों भी होम क्वारंटाइन किया गया है। इनमें गांव के दाउद खां, अनीश खां, रमजानी शामिल हैं। एक अन्य व्यक्ति अकराबाद चला गया था। 

नौगवां अर्जुनपुर के 15 लोग आए

लोधा क्षेत्र के नौगंवा अर्जुनपुर के प्रधान समेत 20 लोग पिछले दिनों दिल्ली की मरकज जमात में शामिल होने गए थे। छह मार्च को लौटे थे। इन सभी को भी होम क्वारंटाइन किया गया है।

खैर क्षेत्र में एक युवक

खैर के मोहल्ला तकिया निवासी सगीर अहमद दिल्ली गए थे। वे वहां कबाड़े का काम करते हैं। पिछले दिनों वे भी दिल्ली की किसी जमात में शामिल हुए। मंगलवार को जैसे ही खैर लौटे तो स्थानीय लोगों पुलिस को सूचना दे दी। उन्हें भी 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन किया गया है। घर पर पोस्टर भी लगा दिया है।

धारा 144 के उल्लंघन पर 12 मुकदमे दर्ज

मंगलवार को धारा 144 का उल्लंघन करने पर 12 मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें छह छर्रा, तीन गौंडा व एक-एक मुकदमा गांधीपार्क, कोतवाली व देहलीगेट में दर्ज किया गया। 1436 वाहनों की चेकिंग की गई। 294 ई-चालान हुए। तीन वाहनों को सीज कर दिया गया। एक लाख 72 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।  

chat bot
आपका साथी