आगरा में ये है अनूठी पहल, पौधे लगाने के साथ ही सौंप देते हैं देखरेख की जिम्मेदारी

आगरा में साईं सेवा मित्र मंडल वर्ष में दो बार करता है पौधों का सत्यापन। ट्रीगार्ड के साथ लगाए जाते हैं पौधे तीन वर्ष से कर रहे हैं पौधारोपण। पौधों के सत्यापन को चार सदस्यीय है। समिति हर छह माह में पौधों की स्थिति जानने के बाद रिपोर्ट देती है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 12:04 PM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 12:04 PM (IST)
आगरा में ये है अनूठी पहल, पौधे लगाने के साथ ही सौंप देते हैं देखरेख की जिम्मेदारी
साई सेवा मित्र मंडल आगरा में पौधारोपण के साथ बड़ा होने तक देखभाल कर रहा है।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में पर्यावरण संरक्षण को पौधारोपण करने वालाें की कमी नहीं है। वर्ष दर वर्ष यह कारवां बढ़ता जा रहा है। साईं सेवा मित्र मंडल भी ऐसे ही संगठनों में से एक है। समिति पौधारोपण करने के साथ उनकी देखरेख की भी व्यवस्था करती है। वर्ष में दो बार पौधों का सत्यापन भी किया जाता है।

साईं सेवा मित्र मंडल तीन वर्षों से पौधारोपण कर रहा है। वर्ष 2019 में 31, वर्ष 2020 में 35 पौधे लगाए गए। समिति इस वर्ष 71 पौधे लगा रही है। इस वर्ष कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते असमय काल के गाल में समाने वाले समिति संरक्षकों व सदस्यों की स्मृति में पौधे रोपे जा रहे हैं। समिति सचिव संजय सत्यदेव ने बताया कि समिति ट्रीगार्ड के साथ पौधे लगाती है। जहां पौधारोपण किया जाता है, उस क्षेत्र में रहने वाले समिति के सदस्य या जिस व्यक्ति के घर के सामने पौधा लगाते हैं, उसे चार वर्ष के लिए ट्रीगार्ड और पौधे की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी जाती है। पौधों के सत्यापन को चार सदस्यीय बनाई जाती है। समिति हर छह माह में पौधों की स्थिति जानने के बाद रिपोर्ट देती है। अगर कोई पौधा मर जाता है तो उसे रिप्लेस कर दिया जाता है।

तीन स्थानों पर लगाए पौधे

समिति ने शुक्रवार को कृष्णा कालोनी, गुम्मट व सेवला में पौधे रोपे। समिति सदस्य अंशु गुप्ता की स्मृति में शंकर रिजोर्ट, फतेहाबाद रोड में पौधारोपण किया गया। हार्दिक गोयल, अतुल गुप्ता, राजेंद्र घिल्डियाल, नरेश कुशवाह, हर्ष शर्मा, विजय कुशवाह, करन सिंह, राकेश गौतम, उत्कर्ष सूरी आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी