केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 'तथाकथित' भांजा पहुंचा आगरा, विधायक से मिलने पहुंचने पर गिरफ्तार

विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने पुलिस को सौंपा। पहले किया था विधायक को फोन। खुद को बता रहा था अहमदाबाद के नरौदा का रहने वाला। असली भांजे का नाम लेकर की बात। विधायक और उनके बेटे को हाव-भाव देखकर ही हो गया शक। पुलिस कर रही है पूछताछ।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 08:31 PM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2020 08:42 PM (IST)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का 'तथाकथित' भांजा पहुंचा आगरा, विधायक से मिलने पहुंचने पर गिरफ्तार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भांजा बनकर युवक आगरा पहुंचा।

आगरा, जागरण संवाददाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भांजा बनकर आगरा में विधायक से मिलने पहुंचे युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। विधायक ने उसके हावभाव और बातचीत से शक होने पर नाई की मंडी थाना पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

भाजपा विधायक योगेंद्र उपाध्याय को रविवार की दोपहर में एक युवक ने फाेन किया। उसने खुद को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भांजा बताया। वह विधायक को कई दिन से फोन करके आगरा आने की कह रहा था। रविवार की दोपहर विधायक से मिलने पहुंचा। खुद को अमित शाह का भांजा बताने वाले युवक ने विधायक से कहा कि उसे आगरा की भाैगोलिक स्थिति की जानकारी नहीं है। उनसे अपने साथ किसी को साथ करने कहा। विधायक ने अपने बेटे को युवक के साथ भेज दिया। वह एमजी रोड स्थित एक कपड़ों के शोरूम में पहुंचा। यहां से 40 हजार रुपये की खरीददारी कर ली। भुगतान के लिए विधायक के बेटे की ओर देखने लगा।

इससे विधायक के बेटे को शक हुआ। बेटे ने अपने विधायक पिता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद विधायक ने अपने स्तर से जानकारी की तो पता चला कि खुद को भांजा बताने वाला पहले भी कहीं ठगी कर चुका है। उन्होने नाई की मंडी पुलिस को बुलाकर युवक को उसके सुपुर्द कर दिया।पुलिस के मुताबिक युवक खुद को अहमदाबाद के नरौदा का रहने वाला बता रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है। बताया जाता है फर्जी रिश्तेदार रविवार को आगरा पहुंचने के बाद यहां भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को फोन किया था। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमाेद ने बताया कि युवक के यहां आने का क्या उद्देश्य था। इसे लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। 

chat bot
आपका साथी