CoronaVirus: आगरा के लिए खतरे की बात, 48 घंटे में मिला एक और केस

18 मार्च को इंग्लैंड से लौटा। न्यूकैसल यूनिवर्सिटी इंग्लैंड से कर रहा पढाई। एसएन में कराया गया भर्ती पिता की रिपोर्ट निगेटिव 14 परिजनों को क्वारंटाइन सेंटर में रखा।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sun, 29 Mar 2020 11:33 PM (IST) Updated:Sun, 29 Mar 2020 11:33 PM (IST)
CoronaVirus: आगरा के लिए खतरे की बात, 48 घंटे में मिला एक और केस
CoronaVirus: आगरा के लिए खतरे की बात, 48 घंटे में मिला एक और केस

आगरा, जागरण संवाददाता। इंग्लैंड से लौटे स्कूल संचालक के 17 साल के बेटे में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। यह कोरोना का 11 वां केस है। रविवार रात को पॉजिटिव रिपोर्ट आते ही छात्र को एसएन इमरजेंसी के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं, परिवार के 14 सदस्यों को क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया है। इनके भी सैंपल लिए जाएंगे। 

रावली क्षेत्र निवासी एक दर्जन कॉलेज के संचालक का 17 साल का बेटा न्यूकैसल यूनिवर्सिटी इंग्लैंड में पढ रहा है। वह 18 मार्च को आगरा लौटा था। 28 मार्च को कॉलेज संचालक अपने बेटे को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां दोनों के सैंपल लिए गए। छात्र की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस के साथ पहुंच गई। छात्र को एसएन इमरजेंसी के प्रथम तल पर बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। वहीं, छात्र के पिता 50 साल के कॉलेज संचालक की रिपोर्ट निगेटिव आइ है। उनके घर और संपर्क के 14 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। इन सभी के सैंपल लिए जाएंगे।

विदेश से लौटने वालों पर सख्ती के बाद जांच कराने पहुंचे

डीएम प्रभु एन सिंह ने 12 मार्च और उसके बाद विदेश से लौटने वालों से 28 मार्च को कंट्रोल रूम में सूचना देने के लिए कहा था। ऐसा न करने वालों पर मुकदमा दर्ज कराने के आदेश दिए थे। इसके बाद कॉलेज संचालक अपने बेटे को साथ लेकर जिला अस्पताल पहुंचा था।

विवि के शिक्षक, कर्मचारियों से लेकर संपर्क में आने वाले किए जा रहे चिन्हित

डॉ भीम राव आंबेडकर विवि में कॉलेज संचालक चर्चित है, उसके विवि के शिक्षकों से लेकर कर्मचारी और छात्रों से संपर्क हैं। कांटेक्ट ​सर्विलांस टीम संपर्क में आने वालों की सूची तैयार कर रही है।

कोरोना संक्रमित युवती की आ हो सकती है छुटटी, दोनों मरीज ठीक

बेंगलुरू से अपने मायके रेलवे कॉलोनी लौटी युवती में कोरोना की पुष्टि के बाद 13 मार्च को एसएन में भर्ती किया गया था, युवती की रिपोर्ट निगेटिव आइ है। सोमवार को छुटटी हो सकती है। वहीं, दो अभी भर्ती हैं।

डॉक्टर दंप​ती सहित 72 की रिपोर्ट निगेटिव

शनिवार को विदेश से लौटने वाले डॉक्टर दंपती के साथ ही 73 के सैंपल भेजे गए थे। इनमें से 72 की रिपोर्ट निगेटिव आइ है। विदेश से लौटने वालों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन किया गया है। इनसे कहा गया है कि वे घर से बाहर ना निकलें, किसी से मिले भी नहीं।

अब तक 11 केस

- तीन मार्च जूता कारोबारी अशोक कपूर, उनका बेटा सुमित कपूर, अमित कपूर, बेटे की पत्नी सारिका कपूर, नाती तनिश कपूर में कोरोना की पुष्टि हुई

- सात मार्च जूता कारोबारी की फैक्र्टी में मैनेजर प्रदीप

- आठ मार्च जूता कारोबारी की फैक्र्टी में मैनेजर प्रदीप

- 13 मार्च बेंगलुरू से अपने मायके लौटी युवती में कोरोना की पुष्टि

- 26 मार्च अमेरिका से 21 मार्च को अपने घर लौटा डॉक्टर का बेटा

- 27 मार्च लंदन से 17 मार्च को लौटी कारोबारी की बेटी

छात्र 18 मार्च को इंग्लैंड से लौटा है, शनिवार को सैंपल भेजे गए थे, रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसे भर्ती कर लिया है। अभी तक आगरा में 11 केस हो चुके हैं, एसएन में भर्ती कोरोना संक्रमित युवती की रिपोर्ट निगेटिव आइ है।

प्रभु एन सिंह, डीएम

chat bot
आपका साथी