Yamuna Expressway in Lockdown: यमुना एक्सप्रेस-वे पर पसर रहा सन्नाटा, कुछ हजार ही निकल रहे वाहन
Yamuna Expressway in Lockdown कोरोना के चलते घटी वाहनों की संख्या। कोरोना की दूसरी लहर को देख सरकार ने संक्रमण फैलने से रोकने के लिए कोरोना कर्फ्यू लगा रखा है। जिससे लोगों ने यात्रा करने से दूरी बना रखी है।
आगरा, जेएनएन। कोरोना की दूसरी लहर में तेजी से फैल रहे संक्रमण से बचाव के लिए लोगों ने अपनी यात्राओं को भी स्थगित कर दिया है। जिससे यमुना एक्सप्रेस वे समेत मुख्य मार्गों पर फर्राटा भरने वाले वाहनों की संख्या में भारी कमी आ गई है। ऐसे में एक्सप्रेस वे पर सन्नाटा सा पसरा रहता है। कोरोना की दूसरी लहर को देख सरकार ने संक्रमण फैलने से रोकने के लिए कोरोना कर्फ्यू लगा रखा है। जिससे लोगों ने यात्रा करने से दूरी बना रखी है।
यमुना एक्सप्रेस वे समेत मुख्य मार्गों पर मालवाहन वाहनों के अलावा जरूरत मंद लोग ही अपनी गाड़ियों से आ जा रहे हैं। यमुना एक्सप्रेस वे पर तो वाहनों की कमी के चलते सन्नाटा सा पसरा रहता रहता है। कतार की बजाय अब इक्का-दुक्का वाहन ही निकलते रहते हैं। वीकेंड पर मथुरा- वृंदावन में मंदिरों के दर्शन व आगरा में ताजमहल और अन्य स्मारक देखने को काफी संख्या में लोग आते थे, लेकिन कोरोना के कारण प्रमुख मंदिरों के बंद होने से लोग दर्शन को नहीं आ रहे हैं। मांट टोल प्लाजा आपरेशन मैनेजर सैयद रफी अहमद रिजवी ने बताया कि कोरोना के चलते यमुना एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की संख्या में काफी कमी आ गई है। कोरोना की दूसरी लहर फैलने से पहले 24 घंटे में 22 से 24 हजार वाहन गुजर रहे थे, लेकिन अब रोजाना मुश्किल से चार-पांच हजार वाहन ही निकल रहे हैं।