Antigen Test in Agra: नोडल अफसर ने दिखाया आईना, रिपोर्ट में खाेली प्रशासन के दावों की पाेल

Antigen Test in Agra

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sat, 08 Aug 2020 04:48 PM (IST) Updated:Sat, 08 Aug 2020 04:48 PM (IST)
Antigen Test in Agra: नोडल अफसर ने दिखाया आईना, रिपोर्ट में खाेली प्रशासन के दावों की पाेल
Antigen Test in Agra: नोडल अफसर ने दिखाया आईना, रिपोर्ट में खाेली प्रशासन के दावों की पाेल

आगरा, जागरण संवाददाता। जिले के नोडल अफसर और अपर मुख्य सचिव अवस्थापना आलोक कुमार ने जिला प्रशासन की पोल खोलकर रख दी है। सफाई व्यवस्था तो कमजोर मिली ही है, शासन ने हर दिन 2500 एंटीजन टेस्ट का लक्ष्य जिले को दिया है, मगर वर्तमान में 700 टेस्ट ही हो रहे हैं। टेस्ट और टीमों की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। होम आइसोलेशन के मामलों का फालोअप भी कमजोर मिला है। शहर और देहात में सॢवलांस टीमों की संख्या को बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।

बता दें कि 29 और 20 जुलाई को नोडल अफसर ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया था। उन्होंने नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में एसडीएम की जिम्मेदारी तय करने के लिए कहा है।

बिना मास्क के घूम रहे हैं लोग 

नोडल अफसर ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर लोग बिना मास्क के घूमते मिले हैं। छह फीट की शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं किया जा रहा था। नोडल अफसर ने इसके लिए विशेष टीमें गठित करने और बिना मास्क के घूमने वाले 50 लोगों का हर दिन चालान करने का लक्ष्य दिया है।

तीन करोड़ के बजट की मांग

 एसएन प्राचार्य ने नोडल अफसर से तीन करोड़ रुपये के बजट की मांग की। इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। कोविड के इलाज के लिए हाई फ्लोनेजल केनन्यूला व दो डायलेसिस मशीनों की खरीद होगी।

यह है जांच रिपोर्ट 

- कंट्रोल सेंटर से होम आइसोलेशन का फालोअप कम मिला।

- एंबुलेंस सेवा के संबंध में कंट्रोल रूम में जो आंकड़े दिए गए हैं, वह ठीक नहीं हैं। कमांड कंट्रोल का अनुश्रवण कमजोर है। इसके लिए सीडीओ और सीएमओ को विशेष उत्तरदायित्व दिया गया है।

- हर दिन सरकारी कार्यालयों, जेल, शेल्टर होम, बाजारों, फेरीवालों, औद्योगिक इकाइयों में एंटीजन टेस्ट करवाने के लिए कहा गया है।

- सभी निकाय में प्रत्येक शनिवार और रविवार को विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।

- पेयजल की समस्या का ठीक से निस्तारण किया जाए।

लोक निर्माण विभाग शुक्रवार को रहा बंद 

लोक निर्माण विभाग के जेई को कोरोना संक्रमण होने से खलबली मच गई। जेई को पहले टाइफाइड हुआ फिर कोविड की पुष्टि हुई। शुक्रवार को प्रांतीय खंड, खंड-एक और दो के कार्यालय बंद हो गए। इससे सरकारी कामकाज नहीं हो सका। कई इंजीनियरों को बुखार भी आ रहा है। फिलहाल इन्होंने कोविड टेस्ट नहीं कराया है।

टूटा रिकॉर्ड, 121 पहुंची कंटेनमेंट जोन की संख्या

शुक्रवार को कंटेनमेंट जोन का रिकॉर्ड टूट गया। 14 नए जोन और बढ़ गए। इससे जोन की अब कुल संख्या 121 पहुंच गई है। वहीं 253 जोन बंद हो चुके हैं।  

chat bot
आपका साथी