Taj mahal Unlocked: वीकेंड में लाक डाउन रहा तो सप्ताह में चार दिन ही खुलेगा ताजमहल

Taj mahal Unlocked वीकेंड में प्रदेश में शनिवार व रविवार को लागू है लाक डाउन। चार दिन ताजमहल और अन्य स्मारक खुल सकेंगे पांच दिन। शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी के चलते बंद रहता है ताजमहल। वीकेंड टूरिज्म की शुरुआत की उम्मीदें पालने वाले पर्यटन कारोबारियों को लग सकता है झटका।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 02:43 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 02:43 PM (IST)
Taj mahal Unlocked: वीकेंड में लाक डाउन रहा तो सप्ताह में चार दिन ही खुलेगा ताजमहल
सप्ताह में चार दिन ताजमहल और अन्य स्मारक खुल सकेंगे पांच दिन।

आगरा, जागरण संवाददाता। उप्र में वीकेंड में लाक डाउन यथावत रहता है तो ताजमहल सप्ताह में चार दिन ही खुल सकेगा। शुक्रवार को ताजमहल साप्ताहिक बंदी के चलते बंद रहता है। शनिवार व रविवार को वीकेंड में लाक डाउन है। इससे ताजमहल सोमवार से गुरुवार तक ही खुल सकेगा। इससे वीकेंड टूरिज्म शुरू होने की उम्मीदें पाले बैठे पर्यटन कारोबारियों को निराशा का सामना करना पड़ेगा।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा संरक्षित ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, मेहताब बाग, एत्माद्दौला, सिकंदरा समेत सभी स्मारक बुधवार सुबह सूर्योदय के साथ पर्यटकों के लिए खुल गए। दो माह बाद स्मारक खुलने से पर्यटन से जुड़े लागों के चेहरे पर कुछ रौनक नजर आई। पर्यटक भी कम भीड़ रहने और सुबह मौसम अच्छा होने की वजह से स्मारक भ्रमण करते हुए खुश नजर आए। बहरहाल, पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता वीकेंड (सप्ताहांत) को लेकर है। वीकेंड में शनिवार व रविवार को पूर्व में अधिक पर्यटक स्मारक देखने आते रहे हैं। उप्र सरकार 21 जून से लोगों को नाइट कर्फ्यू में राहत देनी जा रही है। नाइट कर्फ्यू रात नौ से सुबह सात बजे तक हो जाएगा। सरकार ने शनिवार व रविवार को प्रदेश में लागू वीकेंड लाक डाउन पर स्थिति स्पष्ट नहीं की है। वीकेंड लाक डाउन में रोजमर्रा और आवश्यकता की वस्तुओं को छोड़कर अन्य दुकानों को खोलने की अनुमति नहीं है। इससे रेस्टोरेंट भी वीकेंड में नहीं खुल पाएंगे। ताजमहल समेत अन्य स्मारकों के वीकेंड में खुलने को लेकर असमंजस की स्थिति है। जिला प्रशासन ने इस संबंध में कोई दिशा-निर्देश बुधवार दोपहर तक जारी नहीं किए थे।

अधीक्षण पुरातत्वविद डा. वसंत कुमार स्वर्णकार का कहना है कि वीकेंड से संबंधित जिला प्रशासन के कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं। जिला प्रशासन के जो भी दिशा-निर्देश होंगे, उनका पालन किया जाएगा।

कर्फ्यू में खुले स्मारक, सैलानियों को मिला प्रवेश

कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते उप्र में वर्तमान में शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू है। एएसआइ अधिकारी मंगलवार देर रात तक स्मारकों को सुबह सात बजे से खोलने की बात कर रहे थे, लेकिन बुधवार सुबह स्मारकों को सूर्योदय के साथ ही खोल दिया गया। ताजमहल नियमानुसार सूर्याेदय से आधा घंटा पहले खुला। यहां तक कि सैलानियों को भी स्मारक में नाइट कर्फ्यू की अवधि में ही प्रवेश दे दिया गया। 

chat bot
आपका साथी