रोडवेज बसों में लापरवाही, न सख्ती, न कार्रवाई

विभिन्न रूटों पर यात्री कर रहे बिना मास्क लगाए सफर

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 08:40 PM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 08:40 PM (IST)
रोडवेज बसों में लापरवाही, न सख्ती, न कार्रवाई
रोडवेज बसों में लापरवाही, न सख्ती, न कार्रवाई

आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमण ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। विस्तार पर लगाम लगाने और लोगों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन निगम ने गाइडलाइन जारी की हैं। इसके बाद भी स्थानीय स्तर पर उसका पालन नहीं किया जा रहा है। आइएसबीटी, ईदगाह और बिजलीघर बस स्टैंडों पर पहुंचने वाले यात्री शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। अधिकतर यात्रियों ने मास्क भी नहीं लगा रखा था और वे बस में सवार हो रहे थे। परिचालक ने उन्हें रोकने का प्रयास भी नहीं किया।

शुक्रवार दोपहर एक बजे आइएसबीटी से मैनपुरी के लिए जाने वाली बस में दर्जनभर से अधिक यात्री सवार थे। इनमें से आधे यात्रियों ने मास्क नहीं लगा रखा था। यात्री निर्मला से पूछा तो कह दिया कि साड़ी से ही काम चल जाता है। जरूरत पड़ने पर पल्ले को मास्क बना लेंगी। दो सीट पीछे बैठे विवेक ने कहा कि रास्ते में मास्क गिर गया। गंतव्य तक पहुंच तुरंत खरीदा जाएगा। दिल्ली और मथुरा जाने वाली बसों में भी कुछ ऐसा ही हाल था। इनमें भी आधे से ज्यादा यात्रियों ने मास्क नहीं लगा रखे थे। कुछ बसों में तो निर्धारित संख्या से अधिक यात्री सवार थे, जिससे शारीरिक दूरी का पालन भी नहीं हो रहा था। आरएम मनोज पुंडीर का कहना है कि बसों में निर्धारित संख्या से अधिक यात्रियों को नहीं बैठाना है। मास्क लगाना अनिवार्य है। कोविड नियमों के प्रति लापरवाही बरतने वाले चालक, परिचालक पर कार्रवाई की जाएगी। एमजी रोड पर लौटीं सिटी बसें, पर ई-रिक्शा का कब्जा बरकरार : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पोलिग पार्टियों और पुलिस टीम के लिए सिटी बसों को लगा दिया गया था, जिससे तीन दिन बसों का संकट रहा था। शुक्रवार को बसें वापस रूट पर लौटीं, लेकिन पर्याप्त संख्या नहीं होने के कारण यात्रियों को मुश्किल हुई। एमजी रोड पर प्रतिबंधित ई-रिक्शा ने तीन दिन बसों के नहीं होने का फायदा उठाया तो बसों की वापिसी के बाद भी कब्जा जमाए रखा। बसों की उपलब्धता कम होने के कारण ई-रिक्शा के माध्यम से यात्री गंतव्य तक पहुंचे।

एमजी रोड पर भगवान टाकीज चौराहे से आगरा कैंट तक सिटी बसों का संचालन होता है। जिला प्रशासन ने 92 बसों को चुनाव ड्यूटी में लगा दिया था, जिस कारण मंगलवार से गुरुवार तक बसों की एमजी रोड पर उपलब्धता नहीं थी। इस दौरान ई-रिक्शा ने पूरे रूट पर कब्जा जमाए रखा था और मनमाने दाम वसूल लोगों को गंतव्य तक पहुंचाया था। बसें लौटने के बाद भी भगवान टाकीज चौराहे से लेकर सेंट जोंस और प्रतापपुरा चौराहे पर यात्री बसों का इंतजार करते दिखे। आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट के एआरएम राशिद अली खान ने बताया कि गुरुवार देररात तक बसें वापस लौट आई थीं, जिनका संचालन शुक्रवार सुबह से कराया गया। 15 से 16 बसें रूट पर उपलब्ध रहीं। उन्होंने बताया कि बसों में कोविड नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

chat bot
आपका साथी