Happy Lohri 2021: मुबारक है सब्ब नू, मोहब्बत और सोहबत दी लोहड़ी..आज घरों में मनाई जाएगी लोहड़ी

Happy Lohri 2021 लोहड़ी की खरीदारी के लिए दुकानों पर पहुंचे लोग। पहली लोहड़ी मनाएंगे अपने घरों पर कोरोना गाइडलाइंस का होगा पालन। बाजारों में इस साल लोहड़ी के लिए खास पैकिंग वाली ट्रे भी बिक रही है। इनमें गजक मूंगफली मेवे और रेवड़ी आदि शामिल है।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 13 Jan 2021 07:50 AM (IST) Updated:Wed, 13 Jan 2021 07:50 AM (IST)
Happy Lohri 2021: मुबारक है सब्ब नू, मोहब्बत और सोहबत दी लोहड़ी..आज घरों में मनाई जाएगी लोहड़ी
आज शहर में रहेगी लोहड़ी की धूम। प्रतीकात्मक फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। मोहब्बत दी लोहड़ी, सोहबत दी लोहड़ी, मुबारक है सब्ब नू.... इन पंक्तियों के साथ ही लोहड़ी का उल्लास बिखर गया।लोहड़ी की खरीदारी के लिए बाजारों में चहल-पहल दिखाई दी।लोहड़ी के लिए बाजारों में मूंगफली, गुड़, रेवड़ी, गजक और मूंगफली की पट्टी खूब बिकी।

बाजारों में इस साल लोहड़ी के लिए खास पैकिंग वाली ट्रे भी बिक रही है। इनमें गजक, मूंगफली, मेवे और रेवड़ी आदि शामिल है। इनकी कीमत 100 रुपये से शुरू होकर दो हजार रुपये तक है। पैकिंग ट्रे के अलावा दुकानों पर मूंगफली और पापकार्न आदि खरीदने वालों की भीड़ भी लगी ही। मूंगफली जहां 120 रुपये किलो बिकी तो रेवड़ी की कीमत 200 रुपये किलो रही। मूंगफली की पट्टी की कीमत भी 120 रुपये किलो रही।

भांगड़े और गिद्दे से सजी शाम

पंजाबी सभा महानगर आगरा द्वारा आवास विकास कालोनी स्थित गंगाधर पार्क में आयोजित लोहड़ी कार्यक्रम में सदस्यों ने ढोल और पंजाबी गानों पर भांगड़ा और गिद्दा किया। लोहड़ी प्रज्जलन महानगर अध्यक्ष सर्वप्रकाश कपूर,भारत भूषण, संजीव कपूर, अशोक सैनी,सुरेश भांबरी, रोहित कत्याल आदि ने किया। पहली लोहड़ी वाले नवदंपति और नवजात शिशुओं को लोहड़ी की शुभकामनाएं दी गई।इस दौरान सभी से अपील की गई कि श्री राम मंदिर के निर्माण कार्य में अपना योगदान देकर समाज की एकजुटता और धर्म के प्रति आस्था का परिचय दे। सुनीता मेहता, नीरू कालरा, रूबी भांबरी, भावना नागपाल, संतोष जुनेजा, मीनाक्षी कपूर आदि ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

कोरोना काल में मास्क और सैनिटाइजर के बीच होगी पहली लोहड़ी

शादी के बाद पहला हर त्योहार खास होता है।अपनों के साथ इन त्योहारों पर यादों का खजाना बनता है।दीपावली, होली या लोहड़ी, यही त्योहार नई यादों और खुशियों को बनाने का मौका होता है। परिवार और दोस्तों के साथ लोहड़ी का जश्न मनाया जाता है।इस साल कोरोना के कारण लोहड़ी पर खुशियां तो होंगी, लेकिन वायरस से बचाव के उपाय भी अपनाए जाएंगे।शहर में भी कई जोड़े ऐसे हैं, जो अपनी पहली लोहड़ी को खास बनाने में जुटे हुए हैं। इनसे जागरण ने की बात और जानी उनकी प्लानिंग।

अक्षय और गीतिका उप्पल ने अपनी पहली लोहड़ी पर स्वजनों और दोस्तों के साथ घर पर ही पार्टी प्लान की है।पार्टी में शारीरिक दूरी का पूरा ध्यान रखा जाएगा।गीतिका ने अपने लिए डिजायनर सूट और अक्षय ने मैचिंग कुर्ता पाजामा लिया है।अभिषेक और भारती मल्होत्रा अपनी पहली लोहड़ी अपनों के साथ ही मना रहे हैं।अभिषेक ने बताया कि कोरोना के कारण हम खतरा नहीं लेना चाहते हैं।पार्टी होगी, लेकिन अपने घर पर अपनों के साथ।सोनाली और अमन पसरीचा लोहड़ी पर आने वाले अतिथियों को मास्क और सैनिटाइजर उपहार स्वरूप देंगे।निशु और अक्षय ग्रोवर ने बताया कि वे घर पर ही लोहड़ी मना रहे हैं।पहली लोहड़ी खास होती है, पर कोरोना ने सारी प्लानिंग पर पानी फेर दिया।अब वैक्सीन आ चुकी है तो अगले साल धूमधाम से मनाएंगे।संचिता और अमन ने मैचिंग ड्रेसेज बनवाई हैं। वे दोनों घर के सामने ही लोहड़ी कार्यक्रम कर रहे हैं। शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए सैनिटाइजर और मास्क भी रखवा रहे हैं। 

chat bot
आपका साथी