दिल्ली के कारोबारी ने की 2.41 करोड़ की धोखाधड़ी, जानिए कैसे

कमला नगर के मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर ने लगाया आरोप दिल्ली के कंपनी निदेशकों ने तीन साल तक माल लिया नहीं दी रकम

By JagranEdited By: Publish:Thu, 14 Mar 2019 08:00 AM (IST) Updated:Thu, 14 Mar 2019 08:00 AM (IST)
दिल्ली के कारोबारी ने की 2.41 करोड़ की धोखाधड़ी, जानिए कैसे
दिल्ली के कारोबारी ने की 2.41 करोड़ की धोखाधड़ी, जानिए कैसे

जागरण संवाददाता, आगरा: दिल्ली की मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी के निदेशक दंपती 2.41 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फंस गए हैं। कमला नगर के डिस्ट्रीब्यूटर ने उनके खिलाफ न्यू आगरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

कमला नगर यमुना विहार स्थित बृज धाम कॉलोनी निवासी अभिषेक गुप्ता और देवेश गौतम की स्मार्ट फोन की डिस्ट्रीब्यूटरशिप है। देवेश के अनुसार वर्ष 2013 में उनकी मुलाकात उत्तरी दिल्ली शालीमार निवासी संजीव अग्रवाल से हुई। संजीव अग्रवाल और उनकी पत्नी भी मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर हैं। उनका नई दिल्ली के अजींद्र मार्केट, शक्ति नगर में कार्यालय है।

देवेश गौतम के अनुसार संजीव ने उनसे माल लेना शुरू कर दिया। दो साल तक नियमित रूप से भुगतान करते रहे। इससे संजीव अग्रवाल पर उन्हे विश्वास हो गया। उनसे पेशगी में पेमेंट लिए बिना भी माल देने लगे। वर्ष 2015 से 2018 के दौरान बकाया 2.41 करोड़ रुपये पहुंच गई तो उन्होंने संजीव से तकादा शुरू किया। वह टालमटोल करने लगे। छह महीने पहले मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने संजीव अग्रवाल से पूछताछ की। उसने कुछ समय बाद रकम देने का वादा किया।

देवेश गौतम और अभिषेक गुप्ता के अनुसार तय समय के बाद संजीव से तकादा करने दिल्ली गए। वह धमकी देने पर उतर आया। इस पर दोनों ने एसएसपी के यहां शिकायत की थी। इंस्पेक्टर न्यू आगरा अजय कौशल के अनुसार संजीव अग्रवाल दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया है।

इस तरह के मामले पहले भी हुए हैं, जब आगरा के लोगों के साथ दिल्ली के व्यापारियों ने धोखाधड़ी की है।

chat bot
आपका साथी