आगरा मैट्रो के शिलान्‍यास के सजीव प्रसारण में पहुंचे डिप्‍टी सीएम

पीएम ने किया आगरा मेट्रो का शिलान्यास। कानपुर में हो रहे कार्यक्रम का सूरसदन में हुआ सजीव प्रसारण। 8379 करोड़ का है मेट्रो का प्रोजेक्ट।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 08 Mar 2019 12:33 PM (IST) Updated:Fri, 08 Mar 2019 12:33 PM (IST)
आगरा मैट्रो के शिलान्‍यास के सजीव प्रसारण में पहुंचे डिप्‍टी सीएम
आगरा मैट्रो के शिलान्‍यास के सजीव प्रसारण में पहुंचे डिप्‍टी सीएम

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी के लिए विशेष सौगात का दिन है आज। शहर के लोगों द्वारा वर्षों से उठ रही मांग को शुक्रवार को साकार रूप मिला है। कानपुर में आगरा मेट्रो का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सूरसदन प्रेक्षागृह में किया जा रहा है। डिप्‍टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा सजीव प्रसारण कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच  चुके हैं। मंच पर उनके साथ विधायक जगन प्रसाद गर्ग, जीएस धर्मेश, योगेंद्र उपाध्‍याय, रामप्रताप सिंह चौहान, और महेश गोयल के साथ कैबिनेट मंत्री एसपी सिंह बघेल, सांसद चौधरी बाबूलाल, मंडलायुक्‍त अनिल कुमार, जिलाधिकारी एनजी रवि कुमार, एसएसपी अमित पाठक, सीडीओ रविंद्र कुमार, एडीए वीसी शुभ्रा सक्‍सेना और सचिव हरीराम मौजूद हैं।

सजीव प्रसारण कार्यक्रम से पूर्व सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उनके साथ कैबिनेट मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल भी मौजूद रहे। बता दें कि आगरा मेट्रो की लागत 8379 करोड़ रुपये की है। आगामी वित्तीय साल में 175 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। उधर, डिप्टी सीएम के आगमन को देखते हुए गुरुवार दिनभर तैयारियां चलती रहीं। एमजी रोड की मरम्मत की गई। विशेष सफाई अभियान चलाया गया। डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा शहर में चार घंटे रहेंगे। सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद सूरसदन में सजीव प्रसारण के लिए पहुंचेंगे। दोपहर 2.15 बजे खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। राजकीय वायुयान से प्रयागराज जाएंगे।

फैक्ट फाइल

- आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट की लागत 8262 करोड़ रुपये है।

- आगरा मेट्रो की कुल लंबाई 30 किमी होगी

- दोनों कॉरीडोर पर तीस स्टेशन होंगे।

- दोनों कॉरीडोर पर 22 स्टेशन एलीवेटेड और आठ स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे।

आगरा मेट्रो में तीन डिब्बे होंगे। एक डिब्बे की कीमत 11 करोड़ रुपये होगी।

- दोनों रूट पर तीस ट्रेनों का संचालन होगा।

- पहले चरण में बीस ट्रेनें खरीदी जाएंगी। इनकी खरीद चीन से होगी।

- पांच मिनट के अंतराल पर मेट्रो मिलेगी।

- दो मिनट में एक किमी का सफर तय होगा।

- उप्र मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा मेट्रो ट्रैक व स्टेशन का निर्माण किया जाएगा।

- मेट्रो में एडवांस सिक्योरिटी फीचर में दरवाजा पर डबल लॉक होगा।

- डिस्प्ले सिस्टम, पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम भी होंगे।

- महिलाओं के लिए सीटें रिजर्व होंगी।

कॉरीडोर का नाम, एलीवेटेड ट्रैक, अंडरग्राउंड ट्रैक, कुल दूरी

सिकंदरा-ताज पूर्वी गेट, 6.35 किमी, 7.67 किमी, 14 किमी

आगरा कैंट-कालिंदी विहार, 16 किमी, शून्य, 16 किमी

ये होंगे मेट्रो के स्टेशन

पहला कॉरीडोर : सिकंदरा, गुरु का ताल, आइएसबीटी, शास्त्रीनगर, विश्वविद्यालय, आरबीएस कॉलेज, राजा की मंडी, आगरा कॉलेज, एसएन मेडिकल कॉलेज, जामा मस्जिद, आगरा फोर्ट स्टेशन, ताजमहल, फतेहाबाद रोड, बसई, ताज पूर्वी गेट।

दूसरा कॉरीडोर : आगरा कैंट, सुल्तानपुरा, सदर बाजार, प्रतापपुरा, कलक्ट्रेट, सुभाष पार्क, आगरा कॉलेज, हरीपर्वत, संजय प्लेस, एमजी रोड, सुल्तानगंज की पुलिया, कमला नगर, रामबाग, फाउंड्री नगर, कालिंदी विहार।

ये स्टेशन होंगे अंडरग्राउंड

पहले कॉरीडोर के आठ स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे जिसमें विवि, आरबीएस कॉलेज, राजा की मंडी, आगरा कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, जामा मस्जिद, आगरा फोर्ट, ताजमहल स्टेशन शामिल है।  

chat bot
आपका साथी