Night View of Tajmahal: सरकार! चांदनी रात में करने दीजिए दीदार, ताजमहल के खुलने से नाइट टूरिज्‍म भी बढ़ेगा

मार्च में कोरोना वायरस संक्रमण के चलते शुरू हुए लॉकडाउन से ही बंद चल रहा है ताजमहल का रात्रि दर्शन। मेहताब बाग व्यू प्वाइंट भी रात में नहीं खुल रहा। नाइट टूरिज्‍म के नाम पर आगरा में इस समय कुछ नहीं है पर्यटकों को करने के लिए।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sat, 20 Feb 2021 10:57 AM (IST) Updated:Sat, 20 Feb 2021 10:57 AM (IST)
Night View of Tajmahal: सरकार! चांदनी रात में करने दीजिए दीदार, ताजमहल के खुलने से नाइट टूरिज्‍म भी बढ़ेगा
ताजमहल का रात्रि दर्शन कराने के लिए आगरा से मांग उठ रही है।

आगरा, जागरण संवाददाता। सरकार! अब तो ताज रात्रि दर्शन शुरू करा दीजिए। 11 माह से रात्रि दर्शन बंद है और शहर में नाइट टूरिज्म का कोई आकर्षण इसके अलावा नहीं है। एक दिन में अधिकतम 28 हजार पर्यटक आ चुके हैं तो फिर रात में 400 पर्यटकों के लिए ताजमहल खोलने में क्या दिक्कत है?

कोरोना काल में 17 मार्च से ताजमहल पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था। 188 दिनों की रिकार्ड बंदी के बाद ताजमहल 21 सितंबर को खोला गया था। शुरुआत में ताजमहल में पांच हजार पर्यटकों की कैपिंग लागू की गई। वर्तमान में आनलाइन टिकट बुकिंग पर 15 हजार की कैपिंग है। इसके बाद टिकट विंडो खोलकर टिकट बेचे जा रहे हैं। पिछले रविवार को दिनभर में करीब 28 हजार पर्यटकों ने ताजमहल देखा था। ताज दिन में तो खुल रहा है, लेकिन रात्रि दर्शन मार्च से ही बंद है। यही स्थिति एडीए द्वारा संचालित मेहताब बाग व्यू प्वाइंट की है। वो भी रात में नहीं खुल रहा है। दिन में हजारों पर्यटकों की भीड़ को ताजमहल में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा मैनेज किया जा रहा है, जिससे पर्यटन उद्यमी ताजमहल रात्रि दर्शन की पुन: शुरुआत की मांग कर रहे हैं। हालांकि, एएसआइ इसके लिए गृह मंत्रालय से कोई स्टैंडर्ड आपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी नहीं होने का हवाला दे रहा है।

नवंबर, 2004 से हुई थी दोबारा शुरुआत

नवंबर, 2004 में करीब 20 वर्षों के बाद ताजमहल को दोबारा रात में खोला गया था। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पूर्णिमा के अवसर पर माह में पांच दिन ताजमहल खोलने की व्यवस्था हुई। तब से माह में पांच दिन (पूर्णिमा, उससे दो दिन पूर्व और दो दिन बाद) रात में ताजमहल खोला जाने लगा। इसमें एक दिन में 50-50 पर्यटकों के आठ ग्रुप रात 8:30 से 12:30 बजे तक आधा-आधा घंटे तक वीडियो प्लेेटफार्म से ताज देखते हैं।

एएसआइ जब दिन में हजारों पर्यटकों को ताजमहल में मैनेज कर सकता है तो फिर रात में तो मात्र 400 पर्यटकों को ही मैनेज करना होगा। अब ताजमहल को रात में पर्यटकों के लिए खोल देना चाहिए।

-सुनील गुप्ता, चेयरमैन नोर्दर्न रीजन, इंडियन एसोसिएशन आफ टूर आपरेटर्स

आगरा में नाइट टूरिज्म का कोई आकर्षण नहीं है। अागरा किला का साउंड एंड लाइट शो करीब दो वर्ष और ताज रात्रि दर्शन 11 माह से बंद है। सरकार को ताज रात्रि दर्शन शुरू करने की अनुमति देनी चाहिए।

-राकेश चौहान, अध्यक्ष होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन 

chat bot
आपका साथी