आगरा में शुरू हुआ ई-रिक्शा की मनमानी के खिलाफ अभियान, 'मयूरी' पर कस दी नकेल

आगरा में एमजी रोड पर चला अभियान बिना पंजीकरण भी लगाते हैं दौड़। 13 ई-रिक्शा का चालान चार को किया सीज। जागरण ने प्रमुखता से उठाई थी समस्या उसके बाद जागी ट्रैफिक पुलिस। शहर के अंदरूनी मार्गों पर भी चल रही मनमानी।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 05 Jul 2022 01:04 PM (IST) Updated:Tue, 05 Jul 2022 01:04 PM (IST)
आगरा में शुरू हुआ ई-रिक्शा की मनमानी के खिलाफ अभियान, 'मयूरी' पर कस दी नकेल
आगरा पुलिस ने 13 ई-रिक्शा का चालान कर दिया है और चार सीज कर दिए हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। मुख्य मार्गो को जोड़ने के लिए संचालित होने वाले ई-रिक्शाओं ने शहर के प्रमुख मार्गो से लेकर हाईवे तक कब्जा जमा लिया है। पंजीकृत रिक्शा तो मानकों की अनदेखी कर अधिक सवारी बैठा ही रहे हैं, जबकि अनाधिकृत ई-रिक्शा भी एमजी रोड से लेकर सभी रूटों पर दौड़ लगा रहे हैं।

जागरण द्वारा अभियान चलाकर ई-रिक्शा की मनमानी, अनाधिकृत संचालन, इनके द्वारा लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस जागी और सोमवार को एमजी रोड पर कई स्थानों पर अभियान चलाकर 17 ई-रिक्शा पर कार्रवाई की गई। इसमें से 13 का चालान और चार को सीज किया गया।

परिवहन विभाग में पंजीकृत यात्री ई-रिक्शा की संख्या 5742 और 234 माल वाहक हैं। इसके अतिरिक्त तीन हजार से ज्यादा अनाधिकृत ई-रिक्शा दौड़ लगाते हैं। ई-रिक्शा संचालन के लिए परिवहन विभाग में पंजीकरण आवश्यक है। ई-रिक्शा स्वामी के नाम से ही पंजीकरण होता है, लेकिन पंजीकरण से पहले उसका अस्थाई ड्राइविंग लाइसेंस होना जरूरी है।

इसके बाद उसे संचालन की अनुमति दी जाएगी। प्रक्रिया पूरी करने वाले तो ई-रिक्शा है ही, लेकिन इससे अतिरिक्त तीन हजार ऐसे हैं, जो नियमों को ताक पर रख बेलगाम दौड़ रहे हैं। पंजीकृत ई-रिक्शा प्रतिबंधित रूटों पर दौड़ते हैं, जबकि बेहिसाब सवारियां भर लेते हैं। वहीं अनाधिकृत रिक्शा की मनमानी पूरे शहर में चलती है। एमजी रोड सहित हर रूट पर ये दौड़ लगाते हैं, लेकिन चौराहों पर तैनात ट्रैफिक पुलिस आंखें मूंदे रहती है। वहीं परिवहन विभाग की प्रवर्तन टीम को ये नजर नहीं आते हैं।

अनाधिकृत और नियमों की अनदेखी करने वाले ई-रिक्शा पर कार्रवाई की गई है। आगे भी इस तरह का अभियान चलता रहेगा।

अरुण चंद, एसपी ट्रैफिक 

chat bot
आपका साथी