आगरा की महिलाओं ने लिखी नई कहानी, सेहत से न हो खिलवाड़, बना रहीं घर पर शुद्ध उत्पाद

आगरा की तीन महिलाओं ने कोरोना वायरस संक्रमण काल में अपनाया नया रास्‍ता। घर से ही शुरू कर दिया काम। गेंहू से बना रही ब्रेड आर्गेनिक गुड़ और राइस ब्रायन आयल में बन रहे स्नैक्स। घर बैठे ही आने लगे लोगों के आर्डर।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 18 Jul 2021 09:00 AM (IST) Updated:Sun, 18 Jul 2021 09:00 AM (IST)
आगरा की महिलाओं ने लिखी नई कहानी, सेहत से न हो खिलवाड़, बना रहीं घर पर शुद्ध उत्पाद
आगरा की अलग अलग महिलाओं से घर से उत्‍पाद बनाना शुरू किया है।

आगरा, प्रभजोत कौर। कहानियां अलग हैं, किरदार अलग हैं लेकिन मकसद सिर्फ एक है कि अपने ग्राहकों को जो भी उत्पाद दें, वो शुद्ध हो, उसमें मिलावट न हो और उनकी सेहत पर दुष्प्रभाव न डाले। इसी मकसद के साथ शहर तीन महिलाओं ने अपने घरों में ही पौष्टिक स्नैक्स से लेकर ब्रेड और आर्गेनिक गुड़ तक बना रही हैं।

गेहूं के बेकरी प्रॉडक्‍ट्स

खंदारी पर रहने वाली अंकिता मेहरोत्रा अपने घर पर गेंहू से बने बेकरी उत्पाद बनाती हैं। ब्रेड, बन, पिज्जा बेस सब कुछ गेंहू से बनाती हैं। अंकिता बताती हैं कि बेटा कोटा पढ़ने गया तो उसका खान-पान गड़बड़ा गया। मां होने के नाते चिंता हुई तो घर से ही बन, ब्रेड और सब्जी की ग्रेवी बनाकर ले जाने लगी। कोरोना काल में बेटा घर आ गया तो सोचा कि घर से ही काम शुरू कर दूं। अब गेंहू के साथ ग्लूटन फ्री उत्पाद भी बना रही हैं। अब उन्होंने खास इम्यूनिटी ब्रेड भी बनाई है, जिसमें सभी तरह के बीज, हल्दी, दालचीनी, काली मिर्च आदि हैं। सेहत के प्रति जागरूक लोगों को उनके उत्पाद खासे पसंद आ रहे हैं और खूब आर्डर भी आते हैं। अगस्त के बाद अंकिता अपने उत्पादों को बाजार में उतारेंगी।

बना रहीं शुगर फ्री मिठाइयां

बाग मुज्जफर खां में रहने वाली पूजा सेठ ने नवरात्रों में फलाहार का काम शुरू किया था। लोगों ने पसंद किया तो घर से ही हैल्दी स्नैक्स बनाकर बेचने शुरू किए। यह स्नैक्स वो रिफाइंड में नहीं बल्कि राइस ब्रायन, सरसों के तेल या घी में बनाती हैं। मिठाई के लिए मावा भी वो बाजार से नहीं खरीदतीं बल्कि दूध से घर पर ही बनाती हैं। मांग पर शुगर फ्री मिठाइयां भी बनाती हैं। जो लोग चीनी से परहेज करते हैं, उनके लिए गुड़, खजूर, मुनक्का, अंजीर और शहद की मिठास से मिठाई बनाती हैं।

आर्गेनिक गुड़ से बना रहीं उत्‍पाद

न्यू आगरा की पुष्पा पोपतानी ने अपने गुरु से वायदा किया है कि वो अपने उत्पादों की क्वालिटी में समझौता नहीं करेंगी। पुष्पा बताती हैं कि उनके सत्संग के बाद गुड़ मिलता था, जो कोरोना काल में मिलना बंद हो गया। पिछले साल फरवरी में गुरुजी ने मेवे का गुड़ प्रसाद में दिया था, तभी यह संकल्प लिया कि अब मैं भी साफ काम करूंगी। शुद्ध गुड़ बनाऊंगी। कम कीमत में अच्छे उत्पाद दूंगी। पंजाब में अपने गांव गईं, जानकारों से गुड़ बनाना सीखा। अब पुष्पा अपने फार्म, घर और गांव में आर्गेनिक गुड़, खांड, चीनी, जामुन का शर्बत, आंवला कैंडी, गुड़ की चिक्की, आर्गेनिक बूरा आदि बनाती हैं। 

chat bot
आपका साथी