Agra Weather Update: बढ़ते तापमान के लिए हो जाएं तैयार, अब नहीं होगी बारिश, विशेषज्ञ का दावा- दिवाली से पहले वर्षा के आसार

Agra Weather Update इस माह नहीं होगी वर्षा तापमान में होगी बढ़ोतरी। 32 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा अधिकतम तापमान। रात के तापमान में नहीं हुआ बदलाव अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में बूंदाबांदी के हैं आसार। अलीगढ़ मंडल में एटा में सर्वाधिक और अलीगढ़ में सबसे कम वर्षा हुई है।

By amit dixitEdited By: Publish:Tue, 27 Sep 2022 08:59 AM (IST) Updated:Tue, 27 Sep 2022 08:59 AM (IST)
Agra Weather Update: बढ़ते तापमान के लिए हो जाएं तैयार, अब नहीं होगी बारिश, विशेषज्ञ का दावा- दिवाली से पहले वर्षा के आसार
Agra Weather Update: इस माह नहीं होगी वर्षा, तापमान में होगी बढ़ोतरी

आगरा, जागरण संवाददाता। सप्ताह के पहले दिन सोमवार को मौसम के मिजाज में तेजी से बदलाव आया। बादल उमड़ते-घुमड़ते रहे लेकिन वर्षा नहीं हुई। तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान में डेढ़ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और यह 32 डिग्री से. पर पहुंच गया। वहीं रात के तापमान में कोई बदलाव नहीं आया। यह 24.3 डिग्री से. रहा।

अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में बूंदाबांदी के आसार

अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विज्ञानी डा. पवन सिसौदिया ने बताया कि कम वायु दाब क्षेत्र के चलते वर्षा हो रही थी।

35 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो जाएगा दिन का तापमान

मौसम विभाग के निदेशक डा. जेपी गुप्ता ने बताया कि दो अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री से. से अधिक पर पहुंच जाएगा। दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी।

आगरा में सामान्य से चार प्रतिशत अधिक बरसे बदरा

सितंबर में हुई रिकार्ड वर्षा ने आगरा व अलीगढ़ मंडल के जिलों में वर्षा के आंकड़ों को सुधार दिया है। आगरा मंडल में फिरोजाबाद में सर्वाधिक और मैनपुरी में सबसे कम वर्षा हुई है। मैनपुरी की स्थिति भी ठीक नहीं है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 25 सितंबर तक आगरा में 544.3 एमएम वर्षा हुई। यह सामान्य से चार प्रतिशत अधिक है।

सितंबर में हुआ बारिश के आंकड़ों में सुधार

आगरा में 31 अगस्त तक 399.9 एमएम वर्षा हुई थी, जो सामान्य से आठ प्रतिशत कम थी। सितंबर में रिकार्ड वर्षा से आंकड़ों की स्थिति में सुधार हुआ है। आगरा और अलीगढ़ मंडल के आगरा, फिरोजाबाद और एटा में ही सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज और हाथरस में सामान्य से कम वर्षा हुई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. जेपी गुप्ता के अनुसार सितंबर में मध्य प्रदेश में लो प्रेशर एरिया बनने से अधिक वर्षा हुई।

chat bot
आपका साथी