अच्‍छी है खबर, आगरा आइएसबीटी फ्लाईओवर पर जल्‍द शुरू होने वाली है दूसरी लेन

फरवरी के पहले सप्ताह में चालू होगी आइएसबीटी फ्लाईओवर की दूसरी लेन। एनएचएआइ मथुरा खंड की टीम धीमी गति से कर रही है कार्य इस माह तक चालू होनी थी लेन। सर्विस रोड पर जगह-जगह हुए गड्ढे संरक्षा के इंतजाम पर नहीं दिया जा रहा ध्यान।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 25 Jan 2022 11:34 AM (IST) Updated:Tue, 25 Jan 2022 11:34 AM (IST)
अच्‍छी है खबर, आगरा आइएसबीटी फ्लाईओवर पर जल्‍द शुरू होने वाली है दूसरी लेन
आइएसबीटी फ्लाईओवर की दूसरी लेन चालू न होने से जाम में फंसे वाहन।

आगरा, जागरण संवाददाता। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) मथुरा खंड के अफसरों की लचर कार्यशैली के चलते आइएसबीटी फ्लाईओवर की दूसरी लेन को चालू करने में देरी हो रही है। सिकंदरा से खंदारी की दूसरी लेन फरवरी के पहले सप्ताह में चालू होगी। पूर्व में यह जनवरी के अंतिम सप्ताह में शुरू होनी थी। वहीं दूसरी लेन की सर्विस रोड की मरम्मत पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। संरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं।

आइएसबीटी के सामने जाम की समस्या को देखते हुए नेशनल हाईवे-19 पर फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। बीस दिन पूर्व खंदारी से सिकंदरा की पहली लेन को चालू कर दिया गया था। लेन चालू होने के बाद सर्विस रोड को बंद कर दिया गया। सर्विस रोड का निर्माण चल रहा है। एनएचएआइ मथुरा खंड ने इस माह के अंतिम सप्ताह में दूसरी लेन को चालू करने का दावा किया था लेकिन अब यह लेन फरवरी के पहले सप्ताह में शुरू होगी। वहीं सिकंदरा से खंदारी की लेन पर गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। कई जगहों पर साइनेज नहीं लगाए गए हैं। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि फरवरी के पहले सप्ताह में आइएसबीटी फ्लाईओवर की दूसरी लेन चालू हो जाएगी। 33 करोड़ रुपये से फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है।

- आइएसबीटी फ्लाईओवर के पास ठीक से साइनेज नहीं लगे हैं। इससे पूरी जानकारी नहीं मिल पाती है।

अविरल गुप्ता, राहगीर

- आइएसबीटी के सामने बसें कहां रुकेंगी। इसके स्थल का चयन नहीं किया गया है।

शशांक गुप्ता, राहगीर

- आइएसबीटी की दूसरी लेन की सर्विस रोड टूटी पड़ी है। इसकी मरम्मत नहीं हो रही है।

रामेश्वर बघेल, दुकानदार

- आइएसबीटी के सामने ठीक से साइनेज नहीं लगे हैं। इसकी एक माह पूर्व शिकायत भी की जा चुकी है।

ईशू, दुकानदार

chat bot
आपका साथी