ATP Ranking: प्रजनेश करियर की सर्वश्रेष्ठ 94वीं रैंकिंग पर

भारत के प्रजनेश गुणेश्वरन एटीपी की जारी विश्व रैंकिंग में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 94वीं रैंकिंग पर पहुंच गए।

By Sanjay SavernEdited By: Publish:Tue, 26 Feb 2019 05:14 PM (IST) Updated:Tue, 26 Feb 2019 05:14 PM (IST)
ATP Ranking: प्रजनेश करियर की सर्वश्रेष्ठ 94वीं रैंकिंग पर
ATP Ranking: प्रजनेश करियर की सर्वश्रेष्ठ 94वीं रैंकिंग पर

नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत के प्रजनेश गुणेश्वरन एटीपी की जारी विश्व रैंकिंग में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 94वीं रैंकिंग पर पहुंच गए। गुणेश्वरन तीन पायदान आगे बढ़े हैं, लेकिन रामकुमार रामनाथन नौ पायदान नीचे 137वें स्थान पर खिसक गए। युकी भांबरी भी 171वें स्थान पर खिसक गए। भारतीय खिलाडि़यों में इनके बाद साकेत मायनेनी (250) और शशि कुमार मुकुंद (269) का नंबर आता है।

डबल्स रैंकिंग में रोहन बोपन्ना और दिविज शरण क्रमश: 38वें और 39वें स्थान पर बने हुए हैं, जबकि लिएंडर पेस दो पायदान ऊपर 73वें स्थान पर पहुंच गए। जीवन नेदुचेझियन 75वें और पूरव राजा 96वें स्थान पर हैं। महिलाओं की डब्ल्यूटीए रैंकिंग में अंकिता रैना भारतीयों में शीर्ष पर बनी हुई हैं। वह विश्व में अभी 164वें स्थान पर हैं। उनके बाद करमन थांडी (207) और प्रांजला यादलापल्ली (293) हैं।

वहीं, एटीपी रैंकिंग में विश्व के 10 स्थान तक कोई बदलाव नहीं हुआ। सर्बिया के नोवाक जोकोविक पहले और स्पेन के राफेल नडाल दूसरे स्थान पर हैं, जबकि जर्मनी के एलेक्सजेंडर ज्वेरेव तीसरे नंबर पर कायम हैं। डब्ल्यूटीए में जापान की नाओमी ओसाका पहले और रोमानिया की सिमोना हालेप दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि, चेक गणराज्य की पेत्रा क्वितोवा एक स्थान के फायदे के साथ तीसरे पर पहुंच गई, जबकि अमेरिकी खिलाड़ी स्लोन स्टीफंस तीसरे स्थान से चौथे पर जा गिरीं।

chat bot
आपका साथी